By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 28, 2023
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के केरटू गांव के नागरिकों द्वारा रविवार को ज़बरन छुड़ाए गये 25 हजार रुपये के कुख्यात इनामी अपराधी जबरूद्दीन को सोमवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अपराधी को गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शामली जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ओपी सिंह ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि जबरूद्दीन को झिंझाना थाना क्षेत्र में देखा गया तो पुलिस ने उसे घेर लिया। उन्होंने बताया कि वह पुलिस पर गोलीबारी करने लगा जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गयी जिसमें जबरूद्दीन गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।