पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवा उद्योग की परिसंपत्तियां जून में बढ़कर 43.3 लाख करोड़ रुपये पर पहुंची: रिपोर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

नयी दिल्ली, 28 जुलाई पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवा (पीएमएस) उद्योग की प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां जून 2026 में मासिक आधार पर 1.8 प्रतिशत बढ़कर 43.3 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गईं। यह वृद्धि निवेशकों के बीच उनकी जरूरत के अनुरूप और पेशेवर ढंग से प्रबंधित निवेश समाधानों की बढ़ती मांग को बताती है। एसोसिएशन ऑफ पोर्टफोलियो मैनेजर्स इन इंडिया (एपीएमआई) की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इस वृद्धि में विवेकाधीन श्रेणी का सबसे बड़ा योगदान रहा।

कुल निवेश प्रवाह जून में बढ़कर 3.55 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसमें विवेकाधीन श्रेणी में निवेश प्रवाह में तेज वृद्धि का प्रमुख योगदान रहा। परिसंपत्ति वर्गों में इक्विटी निवेश 1.4 प्रतिशत, सामान्य बॉन्ड निवेश 1.2 प्रतिशत बढ़ा, जबकि म्यूचुअल फंड में निवेश में 14.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

कुल निवेश में घरेलू निवेशकों का दबदबा बरकरार रहा। कुल ग्राहक आधार में उनकी हिस्सेदारी 91 प्रतिशत और उद्योग के कुल एयूएम में 95 प्रतिशत रही। घरेलू एयूएम में मासिक आधार पर 1.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि विदेशी एयूएम में 0.2 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, भविष्य निधि (पीएफ) और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) घरेलू परिसंपत्तियों का प्रमुख आधार बने रहे और घरेलू एयूएम में इनकी हिस्सेदारी करीब 79 प्रतिशत रही। साथ ही, वितरकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से देशभर में पीएमएस को अपनाने में भी तेजी आई है। म्यूचुअल फंड और वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) के विपरीत, पीएमएस निवेशकों की जरूरतों के अनुरूप निवेश पोर्टफोलियो उपलब्ध कराता है।

इसमें निवेशक निश्चित शुल्क या प्रदर्शन-आधारित शुल्क जैसे विभिन्न शुल्क ढांचों का भी चयन कर सकते हैं। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के कड़े खुलासे और अनुपालन मानकों ने भी इस क्षेत्र में पारदर्शिता और निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। एपीएमआई के वाइस चेयरमैन सुशांत भंसाली ने कहा कि भारत का संपत्ति प्रबंधन परिदृश्य संरचनात्मक बदलाव के दौर से गुजर रहा है, जहां निवेशक अपने दीर्घकालिक वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप और पेशेवर ढंग से प्रबंधित निवेश समाधानों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि परिसंपत्तियों और निवेशकों की संख्या में लगातार वृद्धि पीएमएस व्यवस्था में बढ़ते भरोसे को बताती है। बेहतर कामकाज, पारदर्शिता और निवेशक-केंद्रित कार्यप्रणालियों पर निरंतर ध्यान उद्योग के टिकाऊ विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रमुख खबरें

अल्लाह का आदेश और...पेरिस में ताबड़तोड़ हमले का Video रोंगटे खड़े कर देगा

MEA Briefing: Vikram Misri China Visit, POJK Elections, West Asia, Nepal संबंधी मुद्दों पर India ने दिया जवाब

Sansad Diary: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा, राज्यसभा में हंगामा जारी

आख़िर क्या हो प्रदर्शन प्रोटोकॉल ताकि न होने पाए उपद्रव?