Power Sector में 2047 तक 200 लाख करोड़ का निवेश जरूरी, Manohar Lal ने PSU लिस्टिंग की वकालत की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को कहा कि भारत को 2047 तक बिजली क्षेत्र के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए करीब 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत होगी। इसके लिए उन्होंने सरकारी बिजली कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बिजली मंत्रियों के सम्मेलन में कहा कि इतनी बड़ी निवेश जरूरत को अकेले सरकार पूरा नहीं कर सकती।

इसके लिए सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने के साथ निजी क्षेत्र से भी निवेश जुटाना होगा। सार्वजनिक-निजी भागीदारी के जरिये भी पूंजी जुटाई जा सकती है। मनोहर लाल ने कहा, बिजली क्षेत्र में 2047 तक निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत होगी, जो सरकार के पांच साल के बजट के बराबर है।

हम यह निवेश अकेले नहीं कर सकते। हमें अपनी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत निजी क्षेत्र से निवेश की भी जरूरत होगी। बिजली मंत्री ने कहा कि देश में बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) का कुल घाटा एक बार फिर सात लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

वर्ष 2017 में उज्ज्वल डिस्कॉम आश्वासन योजना (उदय) के तहत केंद्र सरकार ने करीब इतनी ही राशि के घाटे का बोझ उठाया था। मनोहर लाल ने कहा, पिछले वित्त वर्ष में सभी डिस्कॉम ने मिलकर 2,600 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था। अब चुनौती यह है कि इस लाभ को फिर घाटे में नहीं बदलने दिया जाए।

राज्यों को इस लाभ का इस्तेमाल पहले के घाटे की भरपाई के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिस्कॉम की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए नीतिगत, परिचालन और नियामकीय बदलाव जरूरी हैं, ताकि उनकी वित्तीय स्थिति में आया सुधार बना रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापित क्षमता फिलहाल 300 गीगावाट है और अगले 10 वर्षों में इसमें 500 गीगावाट की बढ़ोतरी का लक्ष्य है।

इसके लिए बिजली पारेषण नेटवर्क का विस्तार जरूरी है और केंद्र एवं राज्यों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल और घरों की छतों पर सौर बिजली उत्पादन को प्रोत्साहित करने का भी राज्यों से आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने स्मार्ट मीटर और कृत्रिम मेधा (एआई) जैसी तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया।

इस मौके पर बिजली राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों, नियामकीय मुद्दों और उन क्षेत्रों से जुड़े अपने अनुभव साझा करने को कहा, जहां केंद्र सरकार से अतिरिक्त सहायता या हस्तक्षेप की जरूरत हो सकती है। बिजली सचिव पंकज अग्रवाल ने कहा कि देश की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता करीब 563 गीगावाट हो गई है, जिसमें 55 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों की है। पिछले 12 महीनों में करीब 60 गीगावाट क्षमता जोड़ी गई, जिसमें 87 प्रतिशत योगदान गैर-जीवाश्म स्रोतों का रहा।

यह दो दिवसीय सम्मेलन शुक्रवार को शुरू हुआ। इसमें बिजली क्षेत्र की वित्तीय स्थिति, पारेषण नेटवर्क, ऊर्जा भंडारण और वितरण व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

प्रमुख खबरें

संसद की विशेष बैठक Delimitation आगे बढ़ाने की चाल, हिमाचल के मंत्री Chander Kumar का आरोप

IBM का बड़ा फैसला: Consulting Division में अधिकांश पदों के लिए US वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद, भारतीय कर्मचारियों पर गहरा असर

Wedding फंक्शन में चार चांद लगा देंगे ये 7 खूबसूरत Peacock Bangles

Baingan Recipe: रोजाना वाले बैंगन को भूल जाएंगे, एक बार ट्राई करें स्पेशल रेसिपी