योगी के शपथ ग्रहण से पहले अखिलेश को लगेगा एक और झटका, ओम प्रकाश राजभर बन सकते हैं मंत्री

By नीरज कुमार दुबे | Mar 19, 2022

उत्तर प्रदेश की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को शाम चार बजे होगा। शपथ समारोह की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और मंत्रियों की सूची को लेकर भी अटकलों का बाजार गर्म है। इस बीच यह भी खबर है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर जिन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन बना कर विधानसभा चुनाव लड़ा था वह भाजपा के साथ आ सकते हैं और उन्हें योगी सरकार में मंत्री भी बनाया जा सकता है। ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के संगठन महामंत्री सुनील बंसल के साथ मुलाकात भी की है। हम आपको बता दें कि विधानसभा चुनावों में ओम प्रकाश राजभर की पार्टी को 6 सीटों पर कामयाबी मिली है। यदि ओम प्रकाश राजभर भाजपा के साथ आते हैं तो यह अखिलेश यादव के लिए बड़ा झटका होगा। वैसे ओम प्रकाश राजभर ने पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ ही मिलकर लड़ा था लेकिन वह बाद में सरकार से अलग हो गये थे। विधानसभा चुनावों से पहले उन्होंने एआईएमआईएम नेता असद्दुदीन औवेसी के साथ मोर्चा बनाया था लेकिन चुनावों की घोषणा के ठीक पहले वह अखिलेश यादव के गठबंधन में शामिल हो गये थे।

इसे भी पढ़ें: अपने दम पर जनादेश लेकर लौटे योगी पर दूसरे कार्यकाल में कोई भी दबाव नहीं

कहां होगा शपथ समारोह


वहीं दूसरी ओर यदि सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की बात करें तो आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि शपथ ग्रहण सामारोह का आयोजन राजधानी में शहीद पथ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में किया जाएगा। भाजपा के सूत्रों के अनुसार, 21 मार्च को कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। जिसके बाद योगी आदित्यनाथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। उल्लेखनीय है कि योगी ने हाल ही में संपन्न चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाई है।


किसको मिल रहा है निमंत्रण


भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के शपथ ग्रहण में शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। योगी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।


शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां


शपथ ग्रहण समारोह की व्यापक तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जिसमें योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, खासतौर पर महिला लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इकाना स्टेडियम में प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर योगी आदित्यनाथ की पार्टी नेतृत्व के साथ मन्त्रणा हो चुकी है। हम आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में सरकार गठन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक बनाया गया है। बताया जा रहा है कि शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जायेगा। अभी मुख्यमंत्री होली मनाने के लिए गोरखपुर में हैं। शाम को वह लखनऊ पहुँचेंगे जहां बैठक में मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Election Results 2022। राम, राशन और प्रशासन...यूपी में भाजपा की जीत के सबसे बड़े कारण

मंत्रालय का आकार या कौन-कौन विधायक मंत्री पद शपथ लेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन मंत्रिमंडल में महिलाओं और युवाओं को खास तवज्जो मिलेगी। इसके अलावा इस बार के योगी मंत्रिमंडल में कई नये चेहरे भी देखने को मिलेंगे क्योंकि योगी के 11 मंत्री चुनाव हार गये हैं जबकि कुछ मंत्री चुनाव से पहले भाजपा छोड़ गये थे और कुछ को पार्टी ने चुनाव में टिकट ही नहीं दिया था। 


मुख्यमंत्री की होली


इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में होली मना रहे हैं। उन्होंने शहर में समर्थकों की भारी भीड़ के साथ होली का पर्व मनाया और सबको शुभकामनाएं दीं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्सव-आनंद, सामाजिक समरसता, नव-विहान के पावन पर्व होली की आप सभी को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियों का रंग बरसाए, सुख-समृद्धि लाए एवं उत्सवधर्मिता से अभिसिंचित करे, यही कामना है।

प्रमुख खबरें

केमिकल ट्रीटमेंट से खराब हुए बाल? तो हफ्ते में एक बार ये जादुई हेयर मास्क ट्राई करें, घर बैठे पाएं सिल्की-शाइनी बाल!

करोड़ों के अय्यर को बेंच पर बैठाएगी RCB? कुंबले बोले - जीतने वाली टीम से छेड़छाड़ क्यों करें

सर्दी की सुबह को बनाएं लाजवाब: मूली-चावल की पूड़ी का अनोखा स्वाद, जानें आसान रेसिपी

धीरेन्द्र शास्त्री का चेतावनी: खतरे में बांग्लादेश में हिंदुओं की पहचान, तुरंत एक्शन ले भारत