By अनुराग गुप्ता | Nov 25, 2021
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए एक बार फिर से निर्माण गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। दरअसल, दिल्ली सरकार ने बुधवार को प्रतिबंध हटाने का निर्णय किया था लेकिन कोर्ट ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए फिर से प्रतिबंध लगा दिया। जिसके बाद केजरीवाल सरकार ने श्रमिकों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। इसके अलावा बात किसानों की करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि एमएसपी पर कानून बनने से पूरे देश के किसानों को लाभ होगा और अंत में बात आर्थिक कमजोर वर्ग आरक्षण की करेंगे। जिस पर विचार करने के लिए केंद्र तैयार है।
अभी समाप्त नहीं होगा किसान आंदोलन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि मैं 7,000 किसानों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने बिना किसी विवाद के अपनी जमीन दे दी। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी किसानों की बात कही। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी जिसमें तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है।वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार लगातार किसानों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि हमारा आंदोलन अभी समाप्त होने वाला नहीं है। सरकार एमएसपी गारंटी कानून बनाए।EWS आरक्षण पर फिर होगा विचार
केंद्र सरकार ने नीट काउंसलिंग में आर्थिक कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) आरक्षण के लिए तय मानदंड पर फिर से विचार करने की सहमति जताई है। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि ईडब्ल्यूएस आरक्षण के लिए मानदंड तय करने के वास्ते एक समिति गठित की जाएगी और समिति को यह काम करने के लिए चार हफ्तों का वक्त लगेगा।सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि कोर्ट में पहले दिए आश्वासन के अनुसार नीट काउंसिलिंग और चार हफ्तों के लिए स्थगित की जाती है। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट छात्रों की याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है जिसमें मौजूदा अकादमिक वर्ष के लिए नीट-पीजी में चिकित्सा पाठ्यक्रमों के लिए दाखिले में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण और ईडब्ल्यूएस के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण उपलब्ध कराने के लिए केंद्र तथा मेडिकल काउंसिलिंग कमिटी के 29 जुलाई के नोटिस को चुनौती दी गई है।