By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026
(अपराजिता उपाध्याय) बुडापेस्ट, 15 नवंबर भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा को टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट की फास्ट क्लासिकल प्रतियोगिता के चौथे दिन रिचर्ड रैपोर्ट के खिलाफ जीत की स्थिति में होने के बावजूद एक गलती के कारण हार का सामना करना पड़ा जिससे वह खिताब की दौड़ से बाहर हो गए। भारत के एक अन्य खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी ने हालांकि मैक्सिम वाचियर लाग्रेव का फास्ट क्लासिकल में अजेय अभियान को समाप्त करके अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। प्रज्ञाननंदा को रैपोर्ट के खिलाफ पहले मैच में एक गलती की भारी कीमत चुकानी पड़ी।
इस 21 वर्षीय खिलाड़ी को जल्द ही अपनी गलती का अहसास हो गया और उन्होंने अविश्वास भरी मुस्कान के साथ अपना हाथ माथे पर रख लिया। प्रज्ञाननंदा ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि मैं इससे भी खराब कुछ कर सकता हूं।’’ दोनों खिलाड़ियों के बीच दूसरा मैच ड्रॉ रहा जिससे प्रज्ञाननंदा ग्रुप बी में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गए और खिताबी मुकाबले के लिए क्वालीफाई करने की उनकी उम्मीदें भी खत्म हो गईं। उनकी बहन आर वैशाली भी अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो से अपने दोनों मैच हारने के बाद खिताब की दौड़ से बाहर हो गईं।
एरिगैसी ने हालांकि वाचियर लाग्रेव से पहला मैच ड्रॉ खेलने के बाद दूसरे मैच में जीत हासिल की। इससे उनके वाचियर लाग्रेव के समान 13 अंक हो गए हैं। एरिगैसी ने कहा, ‘‘यह आसान मैच नहीं था, लेकिन मुझे जीत की खुशी है।
मुझे लगता है कि मैक्सिम समय (क्लॉक) के मामले में काफी तेज है। मुझे खुशी है कि मैं उस पर दबाव बनाने में कामयाब रहा।’’ बिबिसारा असाउबायेवा के खिलाफ एक जीत और एक ड्रॉ के बाद हंस नीमन के भी 13 अंक हो गए। ग्रुप सी में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने शाखरियार मामेदयारोव के खिलाफ दोनों मैच ड्रॉ किए।
ग्रुप चरण में एक भी जीत हासिल न कर पाने के कारण वह खिताब की दौड़ से बाहर हो गए हैं। अनीश गिरी (13 अंक) ने अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ एक जीत और एक ड्रॉ के साथ ग्रुप सी में बढ़त हासिल कर ली। अलीरेज़ा फ़िरोजा 13 अंकों के साथ ग्रुप ए में सबसे आगे हैं, जबकि फैबियानो कारुआना 16 अंकों के साथ ग्रुप बी में चार अंकों की बढ़त बनाए हुए हैं।