Ethanol Blending पर Rahul Gandhi को खुश करने में जुटी है Congress: Pralhad Joshi

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस पर पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण बढ़ाने के मुद्दे को उठाकर पार्टी नेता राहुल गांधी को खुश करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कर्नाटक सरकार की जांच प्रक्रिया में खामियां होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पहले ही स्पष्टीकरण दे चुकी है, इसके बावजूद कांग्रेस की सरकार बेबुनियाद दावे कर रही है। जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा, अगर कांग्रेस यह मुद्दा राहुल गांधी को खुश करने के लिए उठा रही है, तो वह एक अलग तरह की तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है।

एक ओर वे अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों के प्रति तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और दूसरी ओर राहुल गांधी को खुश करने में लगे हैं। वे उनके समर्थन में सामने आते हैं और कुछ भी कह देते हैं। जनता यह सब समझती है।

एथेनॉल मिश्रण के आर्थिक पहलुओं को समझाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य किसानों को लाभ पहुंचाना और आयातित कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम करना है। उन्होंने कहा, कच्चा तेल आज बहुत महंगा है। हमारे पेट्रोल का आधार मूल्य 53 रुपये है, जबकि मक्के से बने एथेनॉल की कीमत 57 से 71 रुपये के बीच है।

ऐसे में इसका कोई व्यावसायिक औचित्य भी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को लाभ पहुंचाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा दिया है। इस बीच, कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने केंद्रीय मंत्री जोशी पर पलटवार करते हुए कहा कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी उनके पास नहीं होने के बावजूद उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की ओर से जवाब दिया है।

इस मंत्रालय के पास ही एथेनॉल मिश्रण से जुड़ा मुद्दा है। जोशी केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री हैं। अरशद ने जोशी पर तंज भी कसा।

उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में सुझाव दिया कि हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे के बाद जोशी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का प्रभार भी संभाल सकते हैं।

प्रमुख खबरें

India US Trade: द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा के लिए अमेरिकी दल पहुंचा भारत

Delhi में 15 लाख परिवारों को मिली LPG सिलेंडर योजना की दूसरी किस्त

France में Vikram Misri ने आर्थिक सुरक्षा और साइबर मुद्दों पर की अहम चर्चा

Mathura में PM Awas Yojana का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी अनिल कुमार गिरफ्तार