By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा तथा विश्व चैंपियन प्रमोद भगत और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता कुमार नितेश ने मंगलवार को एशियाई पैरा खेलों में पुरुष एकल एसएल3 सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के कर दिए। भगत ने क्वार्टरफाइनल में जापान के डाइसुके फुजिहारा को 21-12 21-10 से हराया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला बृहस्पतिवार को कोरिया के ली सेउंघू से होगा।
नागर और नित्या ने चीनी ताइपै के वू यू येन और जिन जिया सियांग को 21 . 15, 21 . 10 से हराकर ग्रुप ए में दूसरा स्थान हासिल किया और एसएच6 श्रेणी के सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह श्रेणी उन खिलाड़ियों के लिए है जिनका कद कम है, और ऐसा ‘एकोंड्रोप्लेसिया’ या अन्य आनुवंशिक बदलावों जैसी स्थितियों के कारण होता है। भगत और रामदास ने थाईलैंड के सिरिपोंग टीमारोम और चानिदा श्रीनावाकुल को 21 . 15, 21 . 14 से हराकर एसएल3 . एसयू5 वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पैरा बैडमिंटन में एसएल3 उन खिलाड़ियों के लिये हैं जिनके शरीर के निचले अंगों में विकार है और जो आधे कोर्ट पर ही खेलते हैं जबकि एसयू5 ऊपर के अंगों में अक्षमता वाले खिलाड़ियों के लिये है। मिश्रित युगल में दोनों श्रेणी के खिलाड़ियों की जोड़ी होती है। इस बीच महिला एकल एसएल3 में संजना कुमारी ने चीन की लियू युमेई को 21-19 21-12 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष एकल में थाईलैंड के मीचाई नत्थापोंग ने पूर्व पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता नागर को 21-15, 19-21, 21-17 से हराया। पुरुष एकल एसएल4 में अभिजीत सखूजा ने चीन के चेन पेंगफेई को 21-8 21-12 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। सखूजा का मुकाबला अब हमवतन सूर्यकांत यादव से होगा, जिन्हें पहले दौर में बाई मिली थी।
मौजूदा चैंपियन सुहास एलवाई ने थाईलैंड के टीमारोम सिरिपोंग को 21-5 21-7 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता भारतीय खिलाड़ी का सामना अब कोरिया की चो नादान से होगा। हार्दिक मक्कड़ ने पुरुष एकल एसयू5 के राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशिया के नुग्रोहो सूर्यो को 21-18, 21-12 से हराया।