By नीरज कुमार दुबे | Nov 26, 2026
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के एक खुलासे ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। उनका दावा है कि देश के पूर्व राष्ट्रपति और कांग्रेस के दिग्गज रणनीतिकार प्रणब मुखर्जी ने उन्हें तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने की सलाह दी थी। इस खुलासे ने बंगाल के पुराने राजनीतिक समीकरणों, कांग्रेस की घटती राजनीतिक जमीन, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले सत्ता तंत्र और भाजपा के तेजी से उभरते विकल्प के रूप में स्थापित होने की कहानी को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। देखा जाये तो यह बयान बंगाल की राजनीति में बदलते शक्ति संतुलन और भविष्य के सियासी विकल्पों को लेकर प्रणब मुखर्जी की राजनीतिक समझ की ओर भी इशारा करता है।
देखा जाये तो बंगाल की सियासत को करीब से समझने वाले जानते हैं कि प्रणब मुखर्जी राजनीति के ऐसे खिलाड़ी थे, जिनकी नजर केवल तत्कालीन सत्ता पर नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर भी रहती थी। उन्होंने कांग्रेस में दशकों तक काम किया, केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और राष्ट्रपति भवन तक पहुंचे। इसलिए यदि उन्होंने शुभेन्दु अधिकारी को भाजपा में जाने की सलाह दी थी, तो इसके राजनीतिक अर्थ तलाशना स्वाभाविक है।
शुभेन्दु अधिकारी के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने उनसे साफ कहा था कि यदि वह तृणमूल कांग्रेस में रहकर पार्टी नेतृत्व के अधीन कर्मचारी की तरह काम करना चाहते हैं तो वहीं रहें, लेकिन यदि अपनी राजनीतिक क्षमता और दमखम के आधार पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हों। यही वह सलाह थी जिसने शुभेन्दु को अपनी राजनीतिक दिशा पर नए सिरे से विचार करने के लिए प्रेरित किया।
देखा जाये तो यहां सबसे महत्वपूर्ण बात प्रणब मुखर्जी की राजनीतिक समझ है। वह कांग्रेस के भीतर सत्ता के गलियारों को दशकों तक करीब से देख चुके थे। उन्हें मालूम था कि राजनीति में संगठन की मजबूती, नेतृत्व की स्वीकार्यता और कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने की गुंजाइश कितनी मायने रखती है। उस समय शुभेन्दु के सामने तृणमूल और भाजपा के दो अलग-अलग राजनीतिक मॉडल थे। एक तरफ ममता बनर्जी के इर्द-गिर्द केंद्रित नेतृत्व था, तो दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार कर रही भाजपा।
प्रणब मुखर्जी ने कथित तौर पर इसी अंतर को पहचानते हुए शुभेन्दु को मोदी के साथ जाने की सलाह दी थी। हम आपको याद दिला दें कि भाजपा उस समय बंगाल में अपनी जमीन मजबूत करने के लिए पूरी ताकत लगा रही थी। पार्टी के पास राष्ट्रीय नेतृत्व, संगठनात्मक विस्तार और राज्य की सत्ता में तृणमूल को चुनौती देने की महत्वाकांक्षा थी। शुभेन्दु जैसे अनुभवी नेता के लिए यह एक बड़ा राजनीतिक अवसर था।
इसे भी पढ़ें: West Bengal का नाम अब Paschim Banga होगा! Suvendu Adhikari ने दी प्रस्ताव की जानकारी
साथ ही प्रणब मुखर्जी का 2018 में नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय जाना भी इस पूरे प्रसंग को एक अलग राजनीतिक संदर्भ देता है। कांग्रेस के लंबे समय तक वरिष्ठ नेता रहे प्रणब दा ने संघ के मंच से राष्ट्र, राष्ट्रवाद और भारतीय परंपरा पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को भारत माता का महान सपूत बताया था। उनके इस कदम से कांग्रेस के भीतर असहजता पैदा हुई थी, लेकिन प्रणब मुखर्जी ने वैचारिक संवाद के दरवाजे बंद करने के बजाय उन्हें खुला रखने का रास्ता चुना था।
उनकी राजनीति का एक बड़ा गुण यह था कि वह किसी संगठन को केवल उसकी राजनीतिक पहचान से नहीं आंकते थे। भाजपा और संघ के साथ उनके संवाद को भी इसी व्यापक राजनीतिक दृष्टि से देखा जा सकता है। संभव है कि उन्होंने भाजपा में राष्ट्रीय नेतृत्व की मजबूती, संगठन के विस्तार और राजनीतिक महत्वाकांक्षा को आगे बढ़ाने की संभावनाएं देखी हों।
इसके अलावा, शुभेन्दु अधिकारी का यह खुलासा ममता बनर्जी की राजनीति पर सीधा प्रहार भी है। हम आपको याद दिला दें कि कभी ममता के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाने वाले शुभेन्दु ने तृणमूल छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उन्होंने पहले नंदीग्राम और फिर भवानीपुर में ममता को चुनौती दी और बंगाल की राजनीति में भाजपा का सबसे आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा बनकर उभरे। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह कहना कि तृणमूल छोड़ने की सलाह उन्हें प्रणब मुखर्जी ने दी थी, उस राजनीतिक फैसले को और अधिक वजन देने की कोशिश भी है।
साथ ही इस बयान से ममता बनर्जी के लिए राजनीतिक चुनौती इसलिए बढ़ जाती है, क्योंकि शुभेन्दु अधिकारी कोई ऐसे नेता नहीं हैं जिन्होंने तृणमूल में रहते हुए केवल असंतोष के चलते पार्टी छोड़ी हो। वह ममता बनर्जी के बेहद करीबी रहे हैं, पार्टी के संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है और सत्ता के भीतर रहकर तृणमूल की कार्यप्रणाली को करीब से देखा है। शुभेन्दु का आरोप है कि तृणमूल में ममता बनर्जी प्रबंधकीय अध्यक्ष और अभिषेक बनर्जी प्रबंध निदेशक की तरह काम करते थे। यानी पार्टी का ढांचा किसी राजनीतिक संगठन के बजाय एक निजी कंपनी जैसा था। उनका कहना है कि वह वहां कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहते थे। देखा जाये तो बंगाल की राजनीति में यह टिप्पणी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि तृणमूल की संगठनात्मक व्यवस्था और ममता के बाद नेतृत्व किसके हाथ में जाएगा, यह लंबे समय से राजनीतिक चर्चा का विषय रहा है।
दूसरी ओर, शुभेन्दु के इस खुलासे पर वामपंथी खेमे से सवाल भी उठे हैं। माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं, इसलिए उन्होंने वास्तव में क्या कहा था, इसकी पुष्टि संभव नहीं है। वहीं तृणमूल की ओर से इस मुद्दे पर कोई जवाब सामने नहीं आया। प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी की प्रतिक्रिया भी फिलहाल सामने नहीं आई है। लेकिन भाजपा के लिए इस बयान का राजनीतिक महत्व काफी बड़ा है। इससे पार्टी को बंगाल में अपनी स्वीकार्यता के पक्ष में एक ऐसा नाम जोड़ने का अवसर मिलता है, जिसकी पहचान कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक परंपरा से रही है। प्रणब मुखर्जी जैसे कद्दावर कांग्रेसी नेता का नाम भाजपा के साथ शुभेन्दु के राजनीतिक फैसले के संदर्भ में सामने आना अपने आप में महत्वपूर्ण है।
देखा जाये तो इस पूरे घटनाक्रम का दूसरा पहलू यह है कि शुभेन्दु अधिकारी अब भाजपा में आने के अपने फैसले को केवल राजनीतिक अवसरवाद के रूप में नहीं, बल्कि एक अनुभवी राष्ट्रीय नेता की सलाह और अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाने के फैसले के रूप में पेश कर रहे हैं। यह उनके राजनीतिक व्यक्तित्व को नई व्याख्या देता है। वैसे भी बंगाल की राजनीति में प्रणब दा को केवल कांग्रेस का नेता मानकर सीमित नहीं किया जा सकता। वह दिल्ली की सत्ता, बंगाल की राजनीतिक संस्कृति और राष्ट्रीय राजनीति के बदलते समीकरणों को समझने वाले नेताओं में थे। शुभेन्दु के दावे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्रणब मुखर्जी ने बहुत पहले ही बंगाल में तृणमूल की आंतरिक सीमाओं और भाजपा के उभार की संभावनाओं को भांप लिया था?
बहरहाल, आज जब भाजपा बंगाल की सत्ता में है और शुभेन्दु अधिकारी मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, तब उनका यह खुलासा पुराने राजनीतिक घटनाक्रम को एक नया अर्थ दे रहा है। इस बयान से यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या प्रणब मुखर्जी ने उस समय ही बंगाल की बदलती राजनीति और भाजपा के बढ़ते प्रभाव को भांप लिया था? वहीं, शुभेन्दु का यह खुलासा उनके भाजपा में आने के फैसले को भी नई राजनीतिक पृष्ठभूमि देता है। कुल मिलाकर, इस बयान ने ममता बनर्जी के नेतृत्व, तृणमूल में सत्ता के केंद्रीकरण और बंगाल में भाजपा के राजनीतिक विस्तार को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
-नीरज कुमार दुबे