By Renu Tiwari | Oct 15, 2025
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को दावा किया कि अगर बिहार में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह ‘‘100 सबसे भ्रष्ट नेताओं और नौकरशाहों’’ पर कार्रवाई करेगी और पहले महीने के भीतर ऐसे नेताओं और नौकरशाहों की अवैध कमाई जब्त कर ली जाएगी। ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक विशेष साक्षात्कार में किशोर ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में भ्रष्टाचार व्याप्त है, हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन की छवि लालू प्रसाद के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जितनी खराब नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘इन भ्रष्ट नेताओं और नौकरशाहों पर मुकदमा चलाया जाएगा और उनकी अवैध कमाई जब्त करके सरकारी खजाने में जमा की जाएगी जिसका इस्तेमाल बिहार के विकास के लिए किया जा सकेगा जो उनकी गलत नीतियों के कारण रुका रहा है।’’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि अगर ‘जमीन के बदले नौकरी घोटाले’ में लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव पर आरोप तय होते हैं तो यह कोई खबर होगी। उनकी छवि पहले से ही दागदार है और यह मामला एक और धब्बे की तरह होगा।’’
किशोर ने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन असली खबर राजग में व्याप्त भ्रष्टाचार है। सम्राट चौधरी सात लोगों की हत्या से संबंधित मामले में आरोपी होने के बावजूद उपमुख्यमंत्री के पद पर हैं। वह न तो जमानत पर हैं और न ही उन्हें बरी किया गया है। वह एक फर्जी प्रमाण पत्र दिखाकर मुकदमे से बच निकले, जिसमें दिखाया गया था कि घटना के समय वह नाबालिग थे।’’ किशोर ने हाल में बिहार के कई मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं जिनमें भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू, दोनों के नेता हैं।