By अंकित सिंह | Jan 28, 2025
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले के संगम पर करोड़ों लोग डुबकी लगा रहे हैं। हालांकि, ये बाच भी सच है कि वहां पहुंचने के लिए लोगों को बहुत खर्च करना पड़ रहा है। यात्रियों की संख्या में वृद्धि से लेकर 106 वर्षों में पहली बार रात्रि उड़ानों को संभालने और 93 वर्षों में पहली बार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्राप्त करने तक, पवित्र शहर में आमतौर पर शांत रहने वाला हवाई अड्डा रिकॉर्ड तोड़ रहा है। जैसे-जैसे महाकुंभ 2025 आगे बढ़ रहा है, प्रयागराज के लिए उड़ानों की लागत नाटकीय रूप से बढ़ रही है। यह घटनाक्रम 29 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान (शाही स्नान) से पहले हुआ है।
सीधे एकतरफ़ा टिकट के लिए, बेंगलुरु से जाने वाले तीर्थयात्रियों को 26,000 रुपये से लेकर 48,000 रुपये तक का भुगतान करना होगा। 26 फरवरी तक चलने वाले महाकुंभ के दौरान टिकट की कीमतों में कई गुना उछाल के बाद सरकार ने एयरलाइंस को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के लिए अधिक उड़ानें भरने और किराए में राहत देने का निर्देश दिया है। किराये में वृद्धि मांग-आपूर्ति के बेमेल का परिणाम है, और सरकार आमतौर पर कीमतों को नियंत्रित करने से बचती है। हालांकि, सरकार ने किराए में मनमानी बढ़ोतरी के खिलाफ सलाह दी है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय दोनों ने प्रयागराज के लिए संचालित होने वाली इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर सहित प्रमुख एयरलाइनों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं और उन्हें हवाई किराए को "तर्कसंगत" करने का निर्देश दिया। एयरलाइंस को और अधिक यात्रियों को समायोजित करने के लिए, विशेष रूप से आगामी 'स्नान' दिनों - 29 जनवरी और 3, 4, 12 और 26 फरवरी - के दौरान अधिक क्षमता जोड़ने के लिए भी कहा गया था।
आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि प्रयागराज के लिए हवाई टिकटों की कीमतें आम दिनों की तुलना में असामान्य रूप से ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा कि महाकुंभ की तीर्थयात्रा करने के इच्छुक सभी भक्तों की ओर से, मैं केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने और भक्तों का फायदा उठाकर एयरलाइनों को अत्यधिक शुल्क वसूलने से रोकने का आग्रह करता हूं। मेरा अनुरोध है कि महाकुंभ में भाग लेने वाले सभी लोगों के लिए उड़ान की कीमतें अधिक किफायती बनाई जाएं।