राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचीं, पुत्री भी साथ में

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2023

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर आज बृहस्पतिवार को सुबह 11 बज कर लगभग पांच मिनट पर राजधानी रायपुर पहुंचीं। वह इस दौरान रायपुर और बिलासपुर शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्‍ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय प्रवास पर आज वायुसेना के विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचीं। उनके साथ उनकी पुत्री इतिश्री मुर्मू भी हैं। विमानतल पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा अन्य गणमान्य लोगों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति को विमानतल पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति का यह पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू विमानतल से शहर के जगन्‍नाथ मंदिर में दर्शन और आरती कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हो गई हैं। इसके बाद वह विधानसभा मार्ग में स्थित ब्रह्मकुमारी संस्‍थान के शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति दोपहर बाद शहर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय का भ्रमण करेंगी। उनका रात्रि विश्राम राजभवन में होगा।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दूसरे दिन एक सितंबर को सुबह करीब सवा नौ बजे बिलासपुर रवाना होंगी। बिलासपुर में वह गुरू घासीदास विश्‍वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद बिलासपुर से लौटने के बाद राष्ट्रपति राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में जनजातीय समूहों के साथ चर्चा करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के रायपुर और बिलासपुर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Shah ने BJP और उसके छद्म सहयोगियों को नेशनल कॉन्फ्रेंस को हराने का निर्देश दिया: Omar

विपक्षी दलों के नेताओं को जेल भेजने में Congress अव्वल : Chief Minister Mohan Yadav

Manoj Tiwari ने मुझ पर हमला कराया क्योंकि लोग अब उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं: Kanhaiya

Shakti Yojana से Metro को नुकसान होने संबंधी प्रधानमंत्री की टिप्पणी से हैरान हूं: Shivkumar