राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विद्यार्थियों से कहा- अपनी क्षमता पर भरोसा रखें और आगे बढ़ें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 10, 2022

शिमला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को छात्रों से अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने और आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि देश के युवाओं में उनके समक्ष उपलब्ध अवसरों का इस्तेमाल करने की क्षमता है। वह धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के छठे वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में राष्ट्रपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपनी सिफारिशों को लागू करने के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से छात्रों में नए कौशल, ज्ञान और क्षमताओं का विकास होगा और वे आत्मनिर्भरता और राष्ट्र-प्रथम की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ेंगे। कोविंद ने कहा कि इसके लिए केवल अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों द्वारा औपचारिक शिक्षा पूरा करने का एक अवसर है, लेकिन सीखना जीवन भर जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में अनेक क्षेत्रों में युवाओं के समक्ष अवसर उपलब्ध हैं और उनमें इन अवसरों को भुनाने की क्षमता भी है। राष्ट्रपति ने कहा कि हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के 12 वर्ष पूरे कर लिये हैं। 

इसे भी पढ़ें: क्या राष्ट्रपति चुनाव के नाम पर एकजुट हो पाएगा विपक्षी खेमा ? अग्निपरीक्षा की आई घड़ी, NDA की स्थिति मजबूत

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ के सक्रिय होने और वार्षिक या द्विवार्षिक मिलन समारोह का आयोजन करने का यह उपयुक्त समय है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान के पूर्व छात्र अपनी संस्था के प्रति विशेष लगाव महसूस करते हैं, इसलिए इस भावना को संस्था के लिए उपयोगी स्वरूप देने में पूर्व छात्र संघ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर छात्रों को स्वर्ण पदक और डिग्री प्राप्त करने को लेकर बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने एक छोटा राज्य होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े राज्यों को रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय यहां के शिक्षकों को जाता है। ठाकुर ने कहा कि स्वरोजगार और नवीन शिक्षा प्रदान करना हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का आदर्श वाक्य रहा है और इसके परिणामस्वरूप 400 से अधिक छात्र पदक और डिग्री प्राप्त कर रहे हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. पी. बंसल ने राष्ट्रपति और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने के साथ ही छात्रों को करियर उन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण एवं युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्य की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, सांसद किशन कपूर समेत अन्य लोग मौजूद थे। 

प्रमुख खबरें

Titan के नतीजों से Stock Market में धूम, Share रॉकेट बना, 35% बढ़ा Profit

Petrol-Diesel पर राहत की बड़ी कीमत, सरकारी Oil Companies को हर महीने ₹30 हजार करोड़ का घाटा

OpenAI विवाद में नया मोड़: Elon Musk की पार्टनर Shivon Zilis ने खोले निजी जिंदगी के पन्ने

Stock Market में Lenskart का बड़ा खेल, 5300 करोड़ के सौदे के बाद शेयर में आया 5% का उछाल