Prabhasakshi NewsRoom: America को हरा चुके देश के राष्ट्रपति आ रहे हैं India, शुरू होगा China-Pakistan की घेराबंदी का नया अध्याय

By नीरज कुमार दुबे | Apr 30, 2026

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम पांच मई को अपनी तीन दिवसीय यात्रा के तहत भारत आएंगे और यहां रक्षा, व्यापार तथा महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर चर्चा की जाएगी। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपति तो लाम के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। खास बात यह है कि राष्ट्रपति चुने जाने के बाद लाम की यह भारत की पहली यात्रा होगी।

इसे भी पढ़ें: Vietnam War के 50 साल बाद America का बड़ा फैसला, Military Draft के लिए ऑटोमेटिक रजिस्ट्रेशन

दोनों देशों के बीच व्यापार तेजी से बढ़ा है और यह करीब सोलह अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। लक्ष्य है इसे पच्चीस अरब डॉलर और आगे चलकर पचास अरब डॉलर तक ले जाना। ऊर्जा, डिजिटल ढांचा और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ रहा है।

खास बात यह भी है कि भारत और वियतनाम के रिश्तों का सबसे धारदार पहलू है रक्षा सहयोग। यह अब सहयोग रणनीतिक संतुलन का हथियार भी बन चुका है। वियतनाम भारत से सात सौ मिलियन डॉलर की ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने की तैयारी में है। यह सौदा हिंद प्रशांत क्षेत्र में ताकत के समीकरण बदल सकता है। भारत पहले ही वियतनाम को गश्ती नौकाएं दे चुका है और नई ऋण सहायता भी दी जा रही है। दोनों देश पनडुब्बी बचाव, सैन्य प्रशिक्षण और संयुक्त अभ्यास जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। 2030 तक की संयुक्त दृष्टि में तकनीकी हस्तांतरण और संयुक्त उत्पादन पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा, भारत वियतनाम रक्षा सहयोग को केवल द्विपक्षीय संबंधों के रूप में देखना भूल होगी। यह चीन और पाकिस्तान के गठजोड़ के खिलाफ एक संतुलित जवाब है। दक्षिण चीन सागर में चीन की आक्रामकता के बीच वियतनाम को ब्रह्मोस जैसी मिसाइल मिलना बीजिंग के लिए सीधी चेतावनी है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे चीन को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करना पड़ेगा। वहीं पाकिस्तान भी इस साझेदारी पर नजर बनाए हुए है। उसे यह डर सता रहा है कि भारत जिस तरह चीन के पड़ोस में मजबूत साझेदार बना रहा है, वह उसकी रणनीतिक स्थिति को कमजोर कर सकता है। कुछ विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि अगर भारत वियतनाम की समुद्री ताकत को और मजबूत करता है तो चीन पाकिस्तान को और उन्नत हथियार दे सकता है, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है।

हम आपको यह भी याद दिला दें कि वियतनाम वही देश है जिसने कभी दुनिया की सबसे बड़ी ताकत अमेरिका को झुकने पर मजबूर कर दिया था। वियतनाम युद्ध में अमेरिका राजनीतिक रूप से हार गया था। गुरिल्ला युद्ध, जन समर्थन और अदम्य इच्छाशक्ति ने वियतनाम को जीत दिलाई थी। उसी देश के राष्ट्रपति का भारत आना दुनिया को भी बड़ा संदेश दे रहा है। यह संदेश है कि वैश्विक ताकतें अब केवल पश्चिम तक सीमित नहीं हैं। एशिया अपनी नई धुरी बना रहा है और भारत इसमें केंद्रीय भूमिका निभा रहा है।

हम आपको बता दें कि इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति तो लाम का भव्य स्वागत किया जाएगा। वे बोध गया भी जाएंगे, जो बौद्ध विरासत का प्रतीक है और मुंबई भी जाएंगे जो भारत की आर्थिक ताकत का केंद्र है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति तो लाम के बीच व्यापक बातचीत होगी जिसमें रक्षा, व्यापार, तकनीक और वैश्विक मुद्दे शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी उनसे मुलाकात करेंगी।

बहरहाल, यह यात्रा केवल एक औपचारिक कूटनीतिक कार्यक्रम नहीं है। यह एशिया की नई शक्ति संरचना का संकेत है। भारत और वियतनाम मिलकर एक ऐसा संतुलन बना रहे हैं जो चीन और पाकिस्तान जैसे गठजोड़ को चुनौती देता है। अमेरिका को कभी झुकाने वाला वियतनाम आज भारत के साथ खड़ा है। यह केवल दो देशों की दोस्ती नहीं, बल्कि बदलती विश्व व्यवस्था का एलान है।

प्रमुख खबरें

US Iran Peace Treaty पर अमेरिका की ओर से कौन करेगा स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर? Donald Trump ने आखिरकार साफ की स्थिति

क्या काम न मिलने की वजह से Sanchita Ugale ने की आत्महत्या? एक्ट्रेस के दादा ने तोड़ी चुप्पी- उसका कोई गॉडफादर नहीं था

Modi Trump Meeting In France | G7 Summit में प्रधानमंत्री मोदी की एंट्री! क्या ट्रंप के साथ होने वाली इस महाबैठक से बदलेगा दुनिया का समीकरण?

US Iran Peace Treaty | 300 अरब डॉलर का वो सीक्रेट पन्ना, जिसने अमेरिका-ईरान की महाडील पर लगाया ब्रेक! ट्रंप बोले- यह झूठ है!