देश में दशहरे की धूम, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 25, 2020

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने को दशहरे की पूर्व संध्या पर देश के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार कोविड-19 महामारी के बुरे प्रभावों से सभी की रक्षा करे और देशवासियों के लिए समृद्धि लाए। कोविंद ने कहा कि यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘यह त्योहार पूरे भारत में अलग-अलग रूपों में मनाया जाता है। यह त्योहार भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है और हमें सद्भाव के साथ रहने तथा बुराई का त्याग करके सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है।’’ कोविंद ने कहा कि यह त्योहार मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन एवं मूल्यों से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘उनका जीवन नैतिकता और नीतिपरायणता का शानदार उदाहरण है।’’ उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रविवार को दशहरा के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी। नायडू ने कामना की कि यह त्योहार शांति, सौहार्द, अच्छी सेहत और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कहा, दशहरा, परिजनों और स्वजनों से मिलने और उत्सव मनाने का अवसर होता है। लेकिन इस साल, कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण, मैं सभी नागरिकों से यह अनुरोध करता हूं कि वे स्वास्थ्य प्रोटोकॉल और निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए दशहरा पारंपरिक श्रद्धा के साथ सादगी से मनाएं। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू का हवाला देते हुए ट्वीट किया, मैं दशहरे के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। देशभर में बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाने वाला, यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह त्योहार राष्ट्र में शांति, सद्भाव और समृद्धि लाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विजयादशमी के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी और कामना की कि यह पर्व हर किसी के जीवन में नयी प्रेरणा लेकर आए। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘सभी देशवासियों को विजयादशमी की ढेर सारी शुभकामनाएं। बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का यह महापर्व हर किसी के जीवन में नयी प्रेरणा लेकर आए।’’ विजयादशमी हर साल अश्विन मास की दशमी तिथि को मनाया जाता है। दशहरा को विजयादशमी के नाम से भी जानते हैं।

प्रमुख खबरें

Travel Tips: हनीमून का बना रहे हैं प्लान तो भूलकर भी न जाएं ये जगह, धूप और पसीने से खराब हो जाएगी हालत

Pakistan : सुरक्षाबलों ने तहरीक-ए-तालिबान के दो आतंकवादियों को मार गिराया

मतदान प्रतिशत बढ़ने पर Mamata ने जताई चिंता, EVM की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए

Odisha के मुख्यमंत्री पटनायक ने चुनावी हलफनामे में 71 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की