दो आत्माओं की निजी बातचीत (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jun 12, 2021

दो पड़ोसी शरीर जब आत्मा हो गए तो ब्रह्माण्ड में कहीं अमुक जगह उनकी मुलाक़ात और बात हुई। इतिहासजी हमेशा कहते रहे हैं कि जो धरती पर मिल न सके ऊपर मिल जाते हैं। मिल जाओ तो पुराने किस्से भी छिड़ जाते हैं। पहली आत्मा बोली, जब हम लाश थे, रेत में साथ साथ दबाए गए थे तब मुझे बहुत बुरा लग रहा था। एक गंदे कुत्ते ने मुझे नोचना शुरू कर दिया था लेकिन भला हो तेज़ आंधी का जिसके कारण वह परेशान होकर चला गया और शरीर बच गया। फिर तेज़ बारिश होने के कारण ऊपर से रेत हट गया लेकिन डर सताने लगा कि कहीं भेड़िया अपने साथियों को लेकर दोबारा न आ जाए। हमें जला दिया होता या गहरे दफना दिया होता तो हमारी कहानी बेहतर तरीके से खत्म हो सकती थी।

कुछ क्षण दोनों चुप रहीं फिर पहली बोली, हम आत्माएं तहजीब से बात करती हैं लेकिन धरती पर जो इंसान घूम रहे हैं, खुली बदतमीजी और बेशर्मी से आपस में लड़ते हैं। क्या अब ज़िंदा लोगों के बारे कुछ न कुछ संजीदा तरीके से करना शुरू हो गया होगा। दूसरी बोली, अभी समय बदलने की असली लहरें आनी बाकी हैं। अभी तो प्रोटोकॉल के उल्लंघन की बात की जा रही है लेकिन भूख व दवाई बारे किसी उचित नियम की बात नहीं दिखती। अब भी नोटिस भेज कर काम चला रहे हैं जोकि सबसे आसान काम है। वाह! कितना विकास हो चुका है। 

इसे भी पढ़ें: जहाज ने जब इनकार किया (व्यंग्य)

मरने वाले के मुंह में पवित्र जल डालने से उसकी आत्मा के लिए स्वर्ग के द्वार खुलने की बात मानी जाती है, घर घर में पवित्र जल रखा जाता है। हम नदी मां की गोद में तैरते रहे लेकिन नदी हमसे प्रदूषित हो गई, हमें स्वर्ग तो बिलकुल नहीं मिलेगा। जीना भी दुश्वार रहा हमारा, मरने के बाद भी हम पर राजनीति जारी है। वैसे यह सम्मान की बात है, चाहे हमारा आत्मा हो जाना कहीं आंकडा न बने लेकिन दोनों स्थितियों में व्यवहार एक समान किया गया। जीते जी भी मिटटी पलीद और मरने के बाद भी मिटटी पलीद। अब आंकड़ों को पकौड़ों की तरह तल कर, स्वादिष्ट चटनी के साथ परोसा जा रहा है, दूसरी बोली। पहली आत्मा ने पूछा, बहन, नियम कहां हैं, दूसरी आत्मा बोली वो नदी किनारे वृक्ष पर टंगे हैं।  

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

अंतरिक्ष में भारत की निजी शक्ति एवं वैज्ञानिक सामर्थ्य की उड़ान

Uttarakhand बना देश का पहला राज्य, CM Dhami ने सेवा पूरी कर लौटे अग्निवीरों के लिए Agniveer Employment Cell का किया ऐलान

Allahabad High Court ने UP Cooperative Bank के 48 सहायक प्रबंधकों की बर्खास्तगी रद्द की

ईरान के साथ Tension के बीच Donald Trump की Popularity में भारी गिरावट, Reuters Poll में बड़ा खुलासा