By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 26, 2026
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को यहां एक बैठक में वायनाड लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और सांसद निधि के उपयोग की समीक्षा की। वाद्रा ने मलप्पुरम जिला कलेक्टर कार्यालय सम्मेलन कक्ष में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जहां अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय संचार मंत्री ने एक पत्र के जवाब में उन्हें सूचित किया था कि मलप्पुरम जिले के अमरामबलम में पुत्तला, कोझिप्पारा, पथूर, पुंचाकोल्ली और वेन्दाक्कनपोइल में बीएसएनएल टावर लगाने की मंजूरी दे दी गई है।
वाद्रा ने मलप्पुरम तालुका अस्पताल के विकास के लिए राज्य के बजट में पांच करोड़ रुपये के आवंटन का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि वायनाड में प्रस्तावित आदिवासी विश्वविद्यालय से जनजातीय क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव आएंगे। वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को यहां कोझिकोड के कक्कडमपोइल में ऑफ-रोड वाहन क्लबों , ऑफ-रोड राइडरों , कयाकिंग क्लबों , जीप चालकों और पैराग्लाइडिंग संचालकों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
वाद्रा से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधियों ने साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार से विशेष ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मड रेस और अन्य साहसिक प्रतियोगिताओं के आयोजन में कई कानूनी बाधाएं हैं।