By अंकित सिंह | Jan 03, 2025
निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के समर्थकों ने बिहार पीएससी परीक्षा रद्द करने की अपनी मांग पर जोर देने के लिए शुक्रवार को 'रेल रोको' प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार, वे सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए और कुछ देर के लिए पटरियों पर बैठ गए। प्रदर्शन के कारण सेवा में व्यवधान उत्पन्न हुआ। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के समर्थकों ने भी चल रहे बीपीएससी विरोध के साथ एकजुटता दिखाने के लिए सड़कों को अवरुद्ध कर दिया।
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने 'रेल रोको' का समर्थन किया और कहा कि जब तक भारत में पेपर लीक बंद नहीं हो जाते, हम लड़ते रहेंगे। वहीं, पुलिस ने गुरुवार को प्रतिबंधित स्थल पर प्रदर्शन के लिए किशोर और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। प्रशासन ने कहा कि गांधी मैदान में आमरण अनशन "अवैध है क्योंकि यह विरोध प्रदर्शन के लिए निर्दिष्ट स्थल नहीं है"। 70वीं बीपीएससी सीसीई परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर गुरुवार से आमरण अनशन पर बैठे हैं।