पुजारा शीर्ष तीन में, पंत ने लंबी छलांग लगाकर भारतीय रिकार्ड की बराबरी की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 08, 2019

दुबई। रन मशीन चेतेश्वर पुजारा आस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर आईसीसी की मंगलवार को जारी ताजा विश्व रैंकिंग में बल्लेबाजों में शीर्ष तीन में शामिल हो गये हैं जबकि सिडनी टेस्ट में शानदार शतक जड़ने वाले ऋषभ पंत ने 21 पायदान की लंबी छलांग लगाकर बल्लेबाजी रैकिंग में भारतीय विकेटकीपरों के पिछले रिकार्ड की बराबरी की। पुजारा ने चार मैचों की श्रृंखला में 521 रन बनाकर भारत की 2-1 से जीत में अहम भूमिका निभायी थी। उन्होंने सिडनी में आखिरी मैच में 193 रन बनाये जिससे वह बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। पुजारा के अब 881 रेटिंग अंक हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली 922 अंक के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि उनके बाद न्यूजीलैंड के केन विलियमसन का नंबर आता है। 

जडेजा गेंदबाजों और आलराउंडरों की रैंकिंग में भी एक-एक पायदान आगे बढ़कर क्रमश: पांचवें और दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। गेंदबाजी में कुलदीप यादव सात पायदान आगे अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 45वीं रैंकिंग पर काबिज हो गये हैं। उन्होंने आस्ट्रेलिया की पहली पारी में 99 रन देकर पांच विकेट लिये थे। जसप्रीत बुमराह 16वें स्थान पर बने हुए हैं जबकि मोहम्मद शमी एक पायदान ऊपर 22वें स्थान पर पहुंच गये हैं। चोटिल होने के कारण बाहर होने वाले रविचंद्रन अश्विन नौवें स्थान पर खिसक गये हैं। आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस को पहली पारी में 79 रन बनाने का फायदा मिला है और वह 21 स्थान की छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 69वीं रैंकिंग पर पहुंच गये हैं। गेंदबाजी में नाथन लियोन एक पायदान ऊपर 13वें स्थान पर पहुंच गये हैं। 

यह भी पढ़ें: बुमराह को आस्ट्रेलियाई वनडे और न्यूजीलैंड दौरे से विश्राम

भारत और आस्ट्रेलिया के बीच सिडनी टेस्ट मैच की समाप्ति के बाद जारी इस रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच केपटाउन में खेला गया मैच भी शामिल है। दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्कराम पाकिस्तान के खिलाफ केपटाउन में 78 रन की पारी के दम पर फिर से शीर्ष दस में शामिल हो गये हैं। वह बल्लेबाजी रैंकिंग में सात पायदान आगे बढ़कर दसवें स्थान पर काबिज हो गये हैं। तेम्बा वावुमा (पांच पायदान ऊपर 26वें स्थान) पहली बार शीर्ष 30 में शामिल हुए हैं जबकि कप्तान फाफ डु प्लेसिस का छह स्थान का फायदा हुआ है और अब वह 16वें स्थान पर पहुंच गये हैं। गेंदबाजों में वर्नोन फिलैंडर एक पायदान ऊपर तीसरे जबकि डुआने ओलिवर चार पायदान चढ़कर 32वें स्थान पर पहुंच गये हैं। पाकिस्तानी बल्लेबाजों में असद शाफिक पांच स्थान आगे 24वें जबकि बाबर आजम 25वें स्थान पर पहुंच गये हैं। 

प्रमुख खबरें

RAW Chief Parag Jain के Dhaka में कदम रखते ही Pakistani ISI की बढ़ गयी बेचैनी, Bangladesh पर पैनी नजर रख रहा है India

PM Modi का NDA सांसदों ने Parliament में तिरंगा लहराकर स्वागत किया

Prabhasakshi NewsRoom: Assam Arunachal Border पर क्यों चली गोलियां? 804 किलोमीटर सीमा पर 1200 विवाद क्यों नहीं सुलझ रहे हैं?

Amarnath Yatra Rituals: कैसे करें बाबा बर्फानी की पूजा और क्या है प्रसाद वितरण का सही तरीका