कर्नाटक में निवेश बढ़ाएं, DK Shivakumar ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स को दिया सरकारी सहयोग का भरोसा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को घरेलू और वैश्विक निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए हर स्तर पर सरकारी सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने बेंगलुरु के अलावा राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की घोषणा की। इन्वेस्ट कर्नाटक के आयोजन से पहले आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि सरकार कारोबार सुगमता की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पिछड़े क्षेत्रों में निवेश के लिए प्रोत्साहन देने और राज्यभर में रोजगार के अवसर पैदा करने पर काम कर रही है।

शिवकुमार ने कहा, मैं आपको केवल निवेशक नहीं कहता। आप ऐसे प्रभावशाली लोग और दूत हैं, जिन्होंने बेंगलुरु और कर्नाटक को गौरवान्वित किया है। मेरा मानना है कि आपमें से कई लोग इस समय सीधे निवेश नहीं करेंगे, लेकिन दूसरे निवेशकों को कर्नाटक ला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि 20 से 22 अप्रैल, 2027 तक होने वाले इन्वेस्ट कर्नाटक कार्यक्रम में दुनियाभर के निवेशक और उद्योग जगत के दिग्गज एक साथ आएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन राज्य के आर्थिक भविष्य को दिशा देने में मदद करेगा। कर्नाटक में कुशल पेशेवरों की उपलब्धता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हर साल 13,940 चिकित्सक और नर्स सहित करीब 1.25 लाख ‘पैरामेडिकल’ पेशेवर तैयार होते हैं।

इसके अलावा हर साल 1.25 लाख से अधिक इंजीनियर भी तैयार किए जाते हैं। बिजली उत्पादन में कर्नाटक की अग्रणी भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एशिया की पहली जलविद्युत उत्पादन इकाई 1902 में शिवनासमुद्रम में स्थापित की गई थी। राज्य का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में करीब 24 गीगावाट बिजली उत्पादन क्षमता हासिल करना है।

इसके लिए अकेले इस क्षेत्र में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने वैमानिकी, जैव प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं विकास, सेमीकंडक्टर, मशीन टूल और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाई है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने विमानन क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है।

प्रमुख खबरें

Washington DC फायरिंग में 1 शख्स की मौत और 4 घायल, हमलावर ने खुद को मारी गोली

Messi मैच विवाद: पूर्व खेल मंत्री Abdurahiman पर केस चलाने को राज्यपाल की हरी झंडी

James Anderson 2027 में Surrey से खेलेंगे County Championship लंकाशायर से नाता टूटा

Mehrajuddin Wadoo ने Gangte की हैट्रिक और कप्तानी को सराहा, युवा प्रतिभाओं के लिए मजबूत व्यवस्था की मांग की