Punjab में AAP का सभी वादे पूरे करने का दावा, BJP और शिअद का मान सरकार पर हमला

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने सभी वादे पूरे किए हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में अपने काम के आधार पर वोट मांगेगी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। मान ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने राज्य में सर्वांगीण विकास किया है और जनता से किए गए सभी वादों को पूरा किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम अपने काम के आधार पर जनता के बीच जाएंगे। हमें सकारात्मक राजनीति करनी है। हमारी पार्टी ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों के लिए टिकट (117 सीट में से 71 पर) की घोषणा की, ताकि वे हमारी योजनाओं और विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचा सकें।’’ मान ने मौजूदा कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां को अगामी चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाए जाने के सवाल पर कहा कि वह पार्टी संगठन में भूमिका निभाएंगे और यह पार्टी का फैसला है।

उन्होंने खुडियां की पत्नी गुरप्रीत कौर को चुनाव मैदान में उतारने की संभावना को भी खारिज कर दिया। शिअद-भाजपा गठबंधन की संभावना के सवाल पर मान ने कहा कि अगर ऐसा होता है, तो भी इससे ‘आप’ के सामने कोई चुनौती नहीं खड़ी होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘शून्य का शून्य से गुणा करने पर भी शून्य ही होता है।’’ भाजपा की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ‘आप’ को चुनौती देते हुए कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया को विधानसभा चुनाव में उतारा जाता है, तो वह उनका मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।

इस पर मान ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘केजरीवाल या सिसोदिया पंजाब से चुनाव क्यों लड़ेंगे? उन्हें (जाखड़ को) किसी अच्छे अस्पताल में अपना इलाज कराना चाहिए।’’ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंजाब में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और ‘आप’ पर सभी मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाया। सैनी ने वादा किया कि अगर 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है, तो वह हरियाणा के कल्याण और विकास मॉडल को यहां लागू करेगी।

होशियारपुर, दसूहा और जालंधर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए सैनी ने लोगों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब को फिर से समृद्धि के रास्ते पर लाने के लिए भाजपा को एक मौका दें। मान पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि ‘आप’ सरकार शासन और विकास पर ध्यान देने के बजाय, लोगों को चुटकुलों से हंसाने का काम कर रही है। सैनी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा कथित अवैध खनन की आलोचना किए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता को मान को एक ‘टिपर ट्रक’ में अपने साथ ले जाना चाहिए, ताकि यह दिखाया जा सके कि अवैध खनन कांग्रेस के शासनकाल में भी होता था और ‘आप’ सरकार के तहत भी जारी है।

उन्होंने कांग्रेस और ‘आप’ दोनों पर अधूरे वादों के जरिये लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए याद दिलाया कि 2017 के पंजाब चुनावों के समय कांग्रेस ने मादक पदार्थों की समस्या को खत्म करने का वादा किया था और हर घर में रोजगार देने का भी आश्वासन दिया था। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने ‘आप’ पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘उन्होंने (जनता ने) दिल्ली की पार्टियों के साथ प्रयोग करके देख लिया है और उनके हाथों नुकसान ही उठाया है। अब वे 2027 में राज्य में शिअद की सरकार लाने के लिए दृढ़ हैं।’’ बादल लुधियाना के नथोवाल गांव में प्रभदीप सिंह नथोवाल को शिअद में शामिल करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

नथोवाल ने शिअद में शामिल होने के लिए पंजाब सरकार में उप-निदेशक (जनसंपर्क) के पद से इस्तीफा दे दिया है।

प्रमुख खबरें

Rajasthan में सूखे से निपटने को CM Bhajan Lal Sharma ने 9321 करोड़ रुपये के पैकेज का किया ऐलान

सरायकेला में महिला की नृशंस हत्या, आरोपी पैलुश मुंडा गिरफ्तार होकर जेल भेजा गया

Kaziranga के पास मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 की मौत, 20 लोग घायल

ED ने Saurabh Chandrakar को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 19 नवंबर तक हिरासत में भेजा