सरायकेला में महिला की नृशंस हत्या, आरोपी पैलुश मुंडा गिरफ्तार होकर जेल भेजा गया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के एक गांव में एक महिला की कथित तौर पर हत्या किए जाने के मामले में ग्रामीणों ने दावा किया है कि आरोपी के घर खाना पकाने के एक बर्तन में मृतका के शव के कुछ टुकड़े मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना 10 नवंबर को जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत दलभंगा पुलिस चौकी के जोम्ब्रो गांव में हुई।

गिरफ्तार आरोपी पैलुश मुंडा को स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कुचाई थाना के प्रभारी रवींद्र मुंडा ने पुष्टि की कि महिला की बेरहमी से हत्या कर उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए। आदिवासी संगठन राष्ट्रीय कोल सेना (आरकेएस) ने एक बयान में कहा कि मृतका की पहचान 47 वर्षीय बिस्वासी सोय के रूप में हुई है।

वह मुंडा की करीबी रिश्तेदार थी और उसी गांव में रहती थी। आरकेएस अध्यक्ष विष्णु बांरा ने कहा कि सोय 10 नवंबर को गांव के पास आयोजित हॉकी टूर्नामेंट में ‘हडि़या’ (चावल से बनी शराब) बेचने गई थी। लौटने में देर होने के कारण वह आरोपी के घर रात में रुक गई।

बांरा ने बताया कि सोय, मुंडा और आरोपी की पत्नी समेत अन्य लोगों ने देर रात तक हडि़या पी और फिर सोने चले गए। उन्होंने आशंका जताई कि मुंडा ने रात में सोय का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की होगी और उसके विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी होगी। सोय के घर नहीं लौटने पर उसके पति और गांव के अन्य लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और आधी रात के बाद उसका शव एक नाले में पड़ा मिला।

बांरा ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘आरोपी के घर के बरामदे पर खून के निशान मिले, जिसके बाद ग्रामीणों को कुछ गड़बड़ होने का संदेह हुआ और उन्होंने पैलुश से पूछताछ की। आरोपी ने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले में हुई है।’’ बांरा ने दावा किया कि मुंडा के घर की तलाशी के दौरान ग्रामीणों को सोय के शव के कुछ टुकड़े मिले। उन्होंने कहा कि चूल्हे पर रखी एक कड़ाही में भी उसके शव के टुकड़े मिले।

तलाशी करने वालों में शामिल मृतका के भतीजे नवीन सोय ने आरोपी द्वारा शव के किसी अंग को खाए जाने की बात से इनकार किया है। हालांकि, उसने पुष्टि की कि एक बड़ी कड़ाही में शव के टुकड़े मिले। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एक महिला की हत्या की गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बृहस्पतिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।’’

प्रमुख खबरें

Punjab में AAP का सभी वादे पूरे करने का दावा, BJP और शिअद का मान सरकार पर हमला

Kaziranga के पास मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 की मौत, 20 लोग घायल

ED ने Saurabh Chandrakar को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 19 नवंबर तक हिरासत में भेजा

Delhi Police की बड़ी कार्रवाई: 8 पिस्तौल व 11 लाख कैश के साथ चार आरोपी पकड़े गए