पंजाब के भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की, करतारपुर कॉरिडोर फिर खोलने का अनुरोध किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 15, 2021

नयी दिल्ली| पंजाब से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उनसे अनुरोध किया कि गुरुपर्व से पहले करतारपुर कॉरिडोर को पुन: खोला जाए।

इसे भी पढ़ें: पंजाब के डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखने को कहा

 

करतारपुर कॉरिडोर सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के अंतिम विश्राम स्थल रहे गुरुद्वारा करतारपुर साहिब (पाकिस्तान) को गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक गुरुद्वारे से जोड़ता है।

भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि राज्य के 11 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने यहां प्रधानमंत्री मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की और गुरु नानक देव जी के अनुयायियों की भावनाओं से उन्हें अवगत कराया।

शर्मा ने कहा, ‘‘हमने प्रधानमंत्री मोदी से अनुरोध किया है कि 19 नवंबर को मनाये जाने वाले गुरुपर्व से पहले करतारपुर गलियारे को फिर से खोला जाए। और उनसे मुलाकात के बाद हमें उम्मीद है कि इसे जल्द खोला जाएगा।’’

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनके आग्रह पर विचार करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि राज्य के पार्टी नेताओं ने पंजाब और सिख समुदाय दोनों की भलाई के लिए ऐतिहासिक निर्णय लेने पर मोदी का आभार जताया।

इसे भी पढ़ें: सिद्धू ने कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख के पद से अपना इस्तीफा वापस लिया

बैठक में भाजपा उपाध्यक्ष सौदान सिंह, महासचिव और पंजाब के प्रभारी दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय सचिव नरिंदर सिंह, प्रवक्ता आर पी सिंह खालसा और युवा मोर्चा के नेता तेजिंदर बग्गा आदि नेता मौजूद थे। पंजाब के भाजपा नेता पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर