पंजाब: बाढ़ के कारण भारत-पाक सीमा के पास स्थित कई किसानों के घर तबाह, फसलें बर्बाद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 30, 2023

फिरोजपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित कालूवाला गांव के किसान चिमन सिंह (60) की फसल बर्बाद हो गई है और हाल में आई बाढ़ की वजह से वह अपना घर भी गंवाने की कगार पर पहुंच गए हैं। इस गांव में अब तक कई किसानों के घर ध्वस्त हो चुके हैं। उनका घर भी बर्बाद होने की कगार पर है। चिमन सिंह ने बताया कि गांव में कई घर ढह गए हैं और कई अन्य आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गये हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ढाई एकड़ से अधिक भूमि पर धान बोया था। मेरी पूरी फसल नष्ट हो गई है और मेरा घर कभी भी गिर सकता है।’’ ग्रामीणों ने बताया कि सतलज नदी के उफान पर होने से कृषि और आवासीय इलाकों में बाढ़ आ गई है। गांव के कई इलाकों में नदी का पानी भर जाने के बाद, कई ग्रामीण सरकारी प्राथमिक विद्यालय में स्थापित किये गये राहत शिविर में चले गये थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पर्याप्त पानी और भोजन उपलब्ध कराया है और यहां तक ​​कि नियमित चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं।’’ पंजाब और हरियाणा के कई जिले हाल की भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं, जिससे आम जन-जीवन प्रभावित हुआ है। तरनतारन, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, होशियारपुर, रूपनगर, कपूरथला, पटियाला, मोगा, लुधियाना, एसएएस नगर (मोहाली), जालंधर, संगरूर, एसबीएस नगर, फाजिल्का, गुरदासपुर, पठानकोट और बठिंडा सहित पंजाब के 19 जिले बाढ़ से प्रभावित थे। राज्य में भारी बारिश और बाढ़ में कम से कम 44 लोगों की जान चली गई तथा 22 लोग घायल हो गये। बाढ़ से प्रभावित 1,200 से अधिक लोग 159 राहत शिविरों में रह रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Texas University को भारतीय मूल के दंपति ने दिया 2 करोड़ Dollar का दान

Pithori Amavasya 2026: संतान सुख और Pitra Dosh मुक्ति के लिए आज जरूर करें Shubh Muhurat में पूजा

Amruta Fadnavis ने Manoj Jarange को भाई बताकर घर पर भोजन के लिए बुलाया

BRICS Summit में UNSC सुधार और बहुध्रुवीय व्यवस्था पर Antonio Guterres देंगे जोर