By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 13, 2021
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने इस साल गणतंत्र दिवस पर केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ ट्रैक्टर मार्च के हिंसक होने के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 83 लोगों को मुआवजे के रूप में दो लाख रुपये देने का फैसला किया है। तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की अपनी दो प्रमुख मांगों को विशेष रूप से सामने रखने के लिए किसानों ने 26 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी में एक ट्रैक्टर मार्च निकाला था। हालांकि, मार्च ने हिंसक रूप ले लिया जब हजारों प्रदर्शनकारियों ने अवरोधकों को तोड़ दिया, पुलिस के साथ संघर्ष किया, वाहनों को पलट दिया और प्रतिष्ठित लाल किले की प्राचीर से एक धार्मिक ध्वज फहरा दिया था।