Punjab Kings की तूफानी बैटिंग vs Gujarat Titans की धारदार गेंदबाजी, Match में किसका पलड़ा भारी?

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 02, 2026

पिछले मैच में पंजाब किंग्स का जीत का सिलसिला टूट गया और वह लगातार तीसरी जीत हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में अपने अभियान को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश करेगा। राजस्थान रॉयल्स ने इस सप्ताह के शुरू में पंजाब किंग्स के अजेय अभियान पर रोक लगा दी थी। हालांकि पंजाब किंग्स की टीम आठ मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स उससे सिर्फ एक अंक पीछे हैं।

लगातार छह जीत हासिल करके शुरुआती बढ़त बनाने वाली पंजाब किंग्स की गेंदबाजी विभाग को लेकर कुछ चिंताएं हैं। पंजाब के बल्लेबाजों की तरह उसके गेंदबाज अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं बना पाए हैं। उसके बल्लेबाजों के अच्छे प्रदर्शन के कारण गेंदबाजों की कमियां खुलकर सामने नहीं आई हैं लेकिन टूर्नामेंट अब महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच चुका है और ऐसे में कोई कमजोरी टीम पर भारी पड़ सकती है। गेंदबाजों की असफलता के कारण पंजाब के बल्लेबाजों पर दबाव पड़ रहा है, क्योंकि या तो उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने पड़ रहे हैं या फिर पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाना पड़ रहा है। ऐसे में पंजाब को अब अधिक स्पष्ट रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा।

पंजाब की फील्डिंग भी अच्छी नहीं रही है और उसने कई कैच छोड़े हैं। टीम प्रबंधन को इस विभाग में भी काम करने की जरूरत है। हालांकि बल्लेबाजी अब भी पंजाब की सबसे बड़ी ताकत है। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने अच्छी शुरुआत दी है, वहीं कूपर कोनोली ने भी रन बनाए हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाला मध्य क्रम मजबूत स्कोर बनाने या लक्ष्य का पीछा करने में सक्षम साबित हुआ है। दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स की टीम लगातार दो मैच जीतकर इस मैच में उतर रही है, हालांकि उसका अभियान उतार चढ़ाव वाला रहा है।

चेन्नई सुपर किंग्स और फिर आरसीबी के खिलाफ लगातार जीत के बाद टाइटन्स 10 अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर हैं। गुजरात की बल्लेबाजी उसके शीर्ष तीन बल्लेबाजों साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर के इर्द-गिर्द घूमती रही है। इन तीनों पर अत्यधिक निर्भरता टीम के लिए चिंता का विषय है। वॉशिंगटन सुंदर ने मध्य क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन शाहरुख खान और राहुल तेवतिया जैसे फिनिशर अभी तक प्रभाव नहीं डाल पाए हैं।

टीम को संतुलन प्रदान करने के लिए जेसन होल्डर को भी मध्य क्रम में शामिल किया गया है और उन्होंने मौजूदा चैंपियन आरसीबी के खिलाफ जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वेस्टइंडीज के इस गेंदबाज ने अपने चार ओवरों में 29 रन देकर दो विकेट लिए और तीन कैच भी लिए। पिछले मैच में गुजरात के लिए एक और उत्साहजनक संकेत उसकी गेंदबाजी रही। गेंदबाजी आक्रमण अधिक अनुशासित दिखाई दिया। लेंथ पर बेहतर नियंत्रण और महत्वपूर्ण चरणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने आरसीबी को 155 रन पर आउट कर दिया था।

टीम इस प्रकार हैं: गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, राहुल तेवतिया। पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार विशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन द्वारशुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निशाद, पाइला अविनाश, विष्णु विनोद। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Delhi में आतिशबाजी के बाद Air Quality गंभीर, 20 निगरानी केंद्रों पर AQI खतरनाक स्तर पर

West Bengal में Kali Puja पर उमड़ी भारी भीड़, दक्षिणेश्वर और कालीघाट में लगीं कतारें

Delhi में पाबंदियों की अनदेखी कर देर रात तक फूटे Firecrackers, AQI 376 तक पहुंचा

Thailand में शुरू हुआ 27 दिवसीय Grand Diwali Festival, PM ने किया शुभारंभ