By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026
चंडीगढ़, आठ नवंबर पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से वांछित गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ आफरीदी को 10 महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय तलाश के बाद इथियोपिया से निर्वासित कराकर भारत लाने में सफलता हासिल की है। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि राज्य सरकार ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए पांच लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
डीजीपी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक बड़ी सफलता के तहत, पंजाब की ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) ने काउंटर इंटेलिजेंस, पंजाब की ‘ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल’ (ओएफटीईसी) के साथ मिलकर और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से डोनी बल-प्रभ दासूवाल गिरोह के प्रमुख सरगना गुरविंदर उर्फ आफरीदी को 10 महीने तक चले अंतरराष्ट्रीय तलाश अभियान ऑपरेशन शहीद के बाद इथियोपिया से निर्वासित कराने में सफलता हासिल की है।’’ उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश से पंजाब में लक्षित हत्याओं, जबरन वसूली के लिए गोलीबारी की घटनाओं और संगठित आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश दे रहा था। डीजीपी ने कहा कि इस अभियान के तहत एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में लगातार खुफिया जानकारी जुटाई गई, निगरानी की गई और आरोपी का पता लगाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ करीबी समन्वय रखा गया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए विदेश मंत्रालय और अन्य सभी केंद्रीय एजेंसियों का आभार व्यक्त करते हैं।’’ यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, संगठित अपराध रोकने और पूरे राज्य में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।