Tamil Nadu में भारी बारिश के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों संग मनी Diwali

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026

चेन्नई, आठ नवंबर तमिलनाडु में रविवार को भारी बारिश भी दीपावली के उत्साह को कम नहीं कर सकी और राज्यभर में परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं हर्षोल्लास के साथ यह पर्व मनाया जा रहा है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से सुबह चेन्नई, उसके आसपास के इलाकों और डेल्टा जिलों में बारिश हुई, लेकिन लोगों ने दिनभर के पारंपरिक उत्सव और अनुष्ठान जारी रखे। दीपावली का जश्न सूर्योदय से काफी पहले सुबह करीब पांच बजे गंगा स्नानम यानी तेल से स्नान की रस्म के साथ शुरू हुआ।

इस परंपरा के तहत परिवारों ने तिल के तेल से स्नान किया। इसे नकारात्मक विचारों और बुराइयों को दूर कर नयी शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। नए कपड़े पहनकर लोग सुबह की पूजा-अर्चना के लिए घरों में बने पूजा स्थलों पर एकत्र हुए और स्वास्थ्य, शांति तथा समृद्धि की कामना की।

त्योहार के विशेष भोजन के बाद कई परिवारों ने पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार दीपावली लेहियम का सेवन किया। यह जड़ी-बूटियों से तैयार किया जाने वाला पाचक लेप है। बारिश के कारण खुले स्थानों पर होने वाले उत्सवों में कुछ देर के लिए बाधा आई।

हालांकि, बारिश रुकने के बीच मिले अंतराल में लोगों ने पटाखे जलाए। तमिलनाडु सरकार ने पटाखे जलाने के लिए सुबह छह से सात बजे और शाम सात से आठ बजे तक का समय निर्धारित किया था। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शनिवार को दीपावली के संदेश में कहा कि रोशनी का यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

उन्होंने नागरिकों से विकसित भारत और विकसित तमिलनाडु के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने भी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने और खुशियां बांटने की अपील की।

प्रमुख खबरें

Kerala Governor ओम प्रकाश माथुर और CM सतीशन ने दी Diwali की शुभकामनाएं

Punjab Police ने Ethiopia से डिपोर्ट कराया गैंगस्टर Gurwinder Afridi, 5 लाख का था इनाम

Delhi Police ने दिवाली पर बढ़ाई सुरक्षा, 15 जिलों में High Alert

US Election: आव्रजन और घरेलू नीतियों के विरोध में भारतीय-अमेरिकियों ने रिपब्लिकन के खिलाफ दिया वोट