By एकता | Nov 29, 2026
परिसीमन को लेकर जारी राजनीतिक खींचतान के बीच कांग्रेस विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। पार्टी चाहती है कि सभी विपक्षी दल परिसीमन बिल का विरोध करें। इसी सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन से मुलाकात की। यह बैठक करीब एक घंटे तक चली।
बैठक के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने स्टालिन के सामने परिसीमन को लेकर कांग्रेस और विपक्ष का पक्ष रखा। राहुल ने आरोप लगाया कि बीजेपी 850 सीटों वाली लोकसभा बनाकर पूरे देश के निर्वाचन क्षेत्रों को अपने हिसाब से बदलना चाहती है। इससे भारतीय लोकतंत्र और दक्षिण भारत के राज्यों को नुकसान होगा।
राहुल गांधी ने बैठक को अच्छा और सौहार्दपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "हमने भाई स्टालिन से अनुरोध किया कि वह तमिलनाडु के मजबूत रक्षक हैं। उन्हें तमिलनाडु की रक्षा करनी चाहिए और बीजेपी की इस गलत योजना को सफल नहीं होने देना चाहिए।" राहुल के मुताबिक, अगर बीजेपी 850 सीटों वाली लोकसभा का गठन करके निर्वाचन क्षेत्रों को अपने हिसाब से बदलती है, तो भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम सिर्फ देश के लिए ही नहीं, बल्कि दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदायक होगा।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने स्टालिन को बताया कि परिसीमन की यह प्रक्रिया तमिल संस्कृति, तमिल भाषा और तमिल लोगों के लिए खतरा है। उनके मुताबिक, इसका असर भारतीय संघ और पूरे देश पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि डीएमके ने इस मुद्दे पर क्या कहा है या क्या फैसला लिया है। वह सिर्फ यह बता रहे हैं कि बैठक में उन्होंने स्टालिन के सामने अपनी पार्टी का पक्ष रखा। राहुल ने उम्मीद जताई कि स्टालिन देशहित में इस मुद्दे का विरोध करेंगे।
राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस तमिल विरोधी ताकत है और तमिल सभ्यता के विचार का विरोध करता है। राहुल ने कहा कि अगर बीजेपी 850 सीटों वाली लोकसभा के जरिए देश के निर्वाचन क्षेत्रों को नए सिरे से तय करती है, तो इसके बाद तमिल संस्कृति और तमिल भाषा पर बड़ा हमला शुरू होगा। उन्होंने कहा, "मेरी यह बात याद रखिए।"