पंजाब पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 14, 2023

केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में पंजाब पुलिस ने सीमाई प्रदेश में संभावित आतंकवादी हमलों को नाकाम करते हुये आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया और इस सिलसिले में इसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गये दोनों संदिग्धों के पास से दो परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी), दो हथगोले, एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 24 कारतूस, एक टाइमर स्विच, आठ डेटोनेटर और चार बैटरियां बरामद की गई हैं। पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि इस आतंकी मॉड्यूल का संचालन फिरदौस अहमद भट कर रहा था, जो लश्कर का एक सक्रिय आतंकवादी है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों को फिरदौस अहमद भट ने एक आतंकी संगठन में भर्ती किया था, आतंकवादी संगठन उनका इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर और पंजाब में शांति एवं सद्भाव को बिगाड़ने के लिए देश के प्रमुख हस्तियों एवं सामरिक महत्व के स्थानों को निशाना बनाने के लिए योजना बना रहा था। पुलिस प्रमुख ने कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति विभिन्न सोशल मीडिया मंच के माध्यम से भट के साथ लगातार संपर्क में थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भट ने गुरुवार को उन्हें हथियारों की खेप इकट्ठा करने और कश्मीर घाटी लाने के लिए अमृतसर भेजा था। अमृतसर पुलिस के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। इससे पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’(पूर्व में ट्विटर) पर यादव ने कहा, ‘‘राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ-अमृतसर ने एक बड़ी सफलता दर्ज करते हुए एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया, जो जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं।’’ यादव ने दोनों संदिग्धों की गिरफ्तारी को ‘‘पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश कर रहे आतंकी मॉड्यूल के लिए एक बड़ा झटका’’ करार दिया।

प्रमुख खबरें

असम में विनाशकारी Flood की जांच CBI से कराने की मांग, केंद्र को पत्र भेजेगी सरकार

Congress को अपने शासनकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए: Pushkar Singh Dhami

NHRC Notice: नाबालिग बच्चियों की कथित बिक्री पर तीन राज्यों से दो हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

Sarbanand Sonowal ने पुरी में International Cruise Terminal बनाने का किया ऐलान