मुख्यमंत्री चन्नी ने मतदाताओं से की भावुक अपील, बोले- मुझे चमकौर साहिब से 50,000 मतों के अंतर से दिलाएं जीत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 01, 2022

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब के लोगों से मंगलवार को अनुरोध किया कि वे राज्य विधानसभा चुनावों के लिए 20 फरवरी को होने वाले मतदान के दौरान कम से कम 50,000 मतों से अंतर से उन्हें विजयी बनाएं। चन्नी के बयान से कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी (आप) नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि चन्नी चमकौर साहिब सीट से हार रहे हैं। चन्नी ने रूपनगर जिले में चमकौर साहिब सीट (एससी) से नामांकन पत्र दाखिल किया। 

अट्ठावन वर्षीय नेता ने कहा, ‘‘वे जितनी बार चाहें, उतनी बार छापा मार सकते हैं। जितनी चाहे, उतनी फर्जी प्राथमिकियां दर्ज कर सकते हैं... भले ही कुछ भी हो जाए, चमकौर साहिब के लोग मेरे साथ हैं।’’ तीन बार के विधायक चन्नी ने कहा, ‘‘मैं आपका बेटा और आपका भाई हूं। मैं 15 साल से आपके साथ हूं और एक भी दिन के लिए आपसे दूर नहीं गया। मैं आपके बिना कुछ नहीं हूं।’’

उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे इस चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र से उनका समर्थन करें। प्रवर्तन निदेशालय ने हाल में पंजाब में अवैध रेत खनन के खिलाफ जारी धनशोधन रोधी जांच के सिलसिले में की गई छापेमारी के दौरान 10 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की थी, जिसमें से आठ करोड़ रुपए चन्नी के एक रिश्तेदार से जुड़े परिसरों से जब्त किए गए थे। चन्नी ने इस मामले में उनका कोई भी संबंध होने से इनकार किया है। 

इसे भी पढ़ें: सीबीआई ने पंजाब में दो लाख रुपये की रिश्वत मामले में आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया 

उन्होंने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर उनके खिलाफ ‘‘निंदनीय अभियान चलाने और दुष्प्रचार’’ करने का आरोप लगाया है। चन्नी 2007 से चमकौर साहिब विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह 2017 के चुनाव में 12,308 मतों के अंतर से विजयी हुए थे। चन्नी ने सोमवार को बरनाला जिले की भदौड़ (आरक्षित) सीट से भी नामांकन पत्र दाखिल किया था। चन्नी पंजाब के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखते हैं।

प्रमुख खबरें

सेंसेक्स-निफ्टी में फिर लौटी रौनक, Sensex 544 अंक मजबूत, Rupee में भी दिखी शानदार बढ़त

Apple का बड़ा फैसला! iPhone 18 Launch के लिए करना होगा लंबा इंतजार, टूटेगी परंपरा

मोदी सरकार ने 12 वर्ष में सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम काल की उपलब्धियां जनता के सामने रखी हैं— कमलजीत सहरावत

धक्का-मुक्की विवाद में Vaibhav Suryavanshi को मिला BCCI का साथ, बोर्ड ने Action लेने से किया इनकार