By अनुराग गुप्ता | Mar 10, 2022
जालंधर। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत को लेकर मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने प्रदेशवासियों का आभार जताया और विरोधियों पर कटाक्ष किया। उन्होंने संगरूर में अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का स्वागत किया।
आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार ने कहा कि हमें मिलकर पंजाब चलाना है, पहले पंजाब बड़े-बड़े दरवाजे वालों घरों से चलता था परन्तु आज के बाद पंजाब गांवों से चलेगा, वार्डों से चलेगा, शहरों से चलेगा।
दिग्गज नेताओं को मिली हार
विरोधियों पर निशाना साधते हुए भगवंत मान ने कहा कि बड़े बादल साहिब हारे हैं, सुखबीर बादल जलालाबाद से हारे हैं, कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला से हारे हैं, नवजोत सिंह सिद्धू और बिक्रम सिंह मजीठिया भी हारे हैं, चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों से हारे हैं।
धुरी से जीते भगवंत मान
भगवंत मान ने धुरी विधानसभा क्षेत्र से एकतरफा जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को 57 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दी है। इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा भी पार कर लिया है। जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है।