पंजाब की देखभाल पंजाबी बेहतर ढंग से कर सकते हैं: चरणजीत सिंह चन्नी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 27, 2021

लुधियाना । मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविन्द केजरीवाल को पंजाबियों को हवा में महल बनाने की जगह यह समझ लेना चाहिए कि पंजाबी अपने राज्य का नेतृत्व करने के लिए बहुत अधिक सक्षम हैं और पंजाब वासियों को उनके जैसे किसी बाहरी व्यक्ति की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि गर्वित पंजाबी कभी भी केजरीवाल जैसे बाहरी व्यक्ति को राज्य में राज करने का मौका नहीं देंगे।

मुख्यमंत्री आज खन्ना के नज़दीकी गाँव रोहनो कलाँ के दौरे पर थे, जहाँ उन्होंने स्पोट्र्स पार्क, पंचायत घर और पार्क-सत्थ का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ फ़तेहगढ़ साहिब से सांसद डॉ. अमर सिंह, पायल के विधायक लखबीर सिंह लक्खा, जि़ला परिषद् के चेयरमैन यादविन्दर सिंह जंडिआली के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें: सी एम चन्नी डेरा बाबा मुराद शाह और दरबार अलमस्त बापू लाल बादशाह दर्शनों को नकोदर पहुंचे

इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के हित में आम लोगों के एजंडे को लागू कर रही है, जबकि केजरीवाल जैसे लोग दिल्ली के ‘आम आदमी’ की बेहतरी के लिए काम करने की बजाय पंजाबियों के साथ आसमान से तारे तोड़ लाने के वादे कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब के लोगों के सामने झूठ के पुलिन्दे खड़े करने में माहिर है। उन्होंने कहा कि यह वही केजरीवाल है, जिसने 2017 की पंजाब विधान सभा चुनाव से पहले ‘गारंटी’ दी थी कि वह बिक्रम सिंह मजीठिया को ड्रग माफिया से संबंधों के कारण सलाखों के पीछे फेंकेगा और जब ‘आप’ पंजाब में सरकार बनाने में असफल रही तो इसी केजरीवाल ने अदालत में मजीठिया से बिना शर्त माफी माँग ली, वह भी ‘आप’ के लेटरहेड पर। उन्होंने कहा कि जो परिवार नशों के कारण अपने पुत्र गंवा चुके हैं वह केजरीवाल को कभी भी माफ नहीं करेंगे।

इसे भी पढ़ें: राजा वारिंग ने बादल की बसों के मुद्दे पर केजरीवाल को घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने न सिफऱ् मजीठिया पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, बल्कि उसे गिरफ़्तार करने के लिए छापेमारी भी की जा रही है। मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह और बिक्रम सिंह मजीठिया के दरमियान ‘चाचा-भतीजा’ का रिश्ता अब कोई रहस्य नहीं रहा, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री अब सरेआम अकाली नेता के हक में बयानबाज़ी करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब से वह पंजाब के मुख्यमंत्री बने हैं, पंजाबियों के हित में 100 से अधिक फ़ैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पूरे उत्तरी क्षेत्र में सबसे सस्ता पेट्रोल और डीज़ल मुहैया करवा रहा है और इसी तरह पूरे देश में बिजली की दरें पंजाब में सबसे सस्ती हैं।

अपनी सरकार द्वारा की गईं कई लोक-हितैषी पहलों की सूची देते हुए उन्होंने कहा कि 1500 करोड़ रुपए के बिजली बिलों के बकाए माफ किए गए हैं, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरें 3 रुपए प्रति यूनिट घटाई गई हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में 1200 करोड़ रुपए के बिल माफ किए गए, पानी के बिल को घटाकर 50 रुपए किया गया है और रेत के रेट भी बहुत घटा दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह पंजाब के लोगों के विरुद्ध गुनाह करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह जाति, पंथ, रंग, धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी का साथ दें। उन्होंने कहा कि पंजाब में रेत की ग़ैर-कानूनी माइनिंग को रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा तय नियमों का उल्लंघन करने संबंधी वीडियो या किसी अन्य रूप में सुबूत देने वाले हरेक व्यक्ति को 25000 रुपए का इनाम दिया जाएगा।

 

कैबिनेट मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की लोक-हितैषी नीतियों के कारण राज्य में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह खन्ना हलके का प्रतिनिधित्व करते हुए इलाके में अधिक से अधिक औद्योगिक यूनिट स्थापित करने के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि इससे इलाके में रोजग़ार के मौके पैदा होने के साथ-साथ खुशहाली आएगी।

उन्होंने कहा कि उनके दादा और पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह ने राजय की शांति और आपसी भाईचारे को बहाल करने के लिए अपनी जान कुर्बान की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब और पंजाबियों के हित में अथक मेहनत कर रहे हैं। इस मौके पर उपस्थित हस्तियों में अन्यों के अलावा पूर्व मंत्री तेज प्रकाश सिंह कोटली और साधु सिंह धर्मसोत, जि़ला कांग्रेस कमेटी खन्ना के प्रधान रुपिन्दर सिंह राजा गिल, ब्लॉक समिति चेयरमैन सतनाम सिंह सोनी, नगर काउंसिल प्रधान कंवलजीत सिंह लधड़, इम्परूवमेंट ट्रस्ट खन्ना के चेयरमैन गुरविन्दर सिंह लाली, डॉ. गुरमुख सिंह चाहल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरदीप सिंह रसूलड़ा, हरदेव सिंह रोशा आदि उपस्थित थे।

प्रमुख खबरें

CM Nayab Singh Saini के गुजरात दौरे में Haryana को मिले 12000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

UP Legislative Council Polls: मेरठ में BJP के Dinesh Goyal और श्रीचंद शर्मा जीते

PM Modi और लिकटेंस्टाइन के युवराज Alois के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर वार्ता

वर्ष 2029 में भी Narendra Modi के नेतृत्व में बनेगी राजग सरकार: JP Nadda