By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को टिहरी जिले के धनोल्टी में जौनपुर महोत्सव का उद्घाटन किया और 52.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। थत्यूड़ में जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन करने के मौके पर मुख्यमंत्री ने जौनपुर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करना, धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को मंजूरी देना और जौनपुर विकासखंड में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत करना शामिल है।
उन्होंने पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी वाले क्षेत्र की बाढ़ से सुरक्षा के लिए 2.73 करोड़ रुपये और भवन बाजार क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन नयी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ ही युवाओं को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। धामी ने कहा कि टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों को लगभग 1,300 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड बनाने के साथ कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है। सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्रदेश में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। वहीं, उन्होंने गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत का अनुवाद करने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ से सम्मानित किया।