By अंकित सिंह | Mar 03, 2022
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। इन सबके बीच व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा दावा किया है। व्लादिमीर पुतिन ने साफ तौर पर कहा है कि यूक्रेन विदेशी नागरिकों को ढाल बना रही है। पुतिन ने दावा किया कि यूक्रेन विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर उन्हें ढाल बना रहा है। इसके साथ ही अपने बयान में पुतिन ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन में 3000 से ज्यादा भारतीयों को बंधक बनाया था जिसे रूस की सेना ने रिहा कराया है। हालांकि भारत सरकार ने किसी भी बंधक संकट की खबरों का खंडन किया था। अपने बयान में पुतिन ने कहा कि चीनियों को भी यूक्रेन की ओर से बंधक बनाया गया था।
रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी सेना वहां से नागरिकों को निकालने में मदद कर रही है। इसके साथ ही पुतिन ने दावा किया कि यूक्रेन के रिहायशी इलाकों में रूस की ओर से कोई भी सैन्य कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। संयुक्त राष्ट्र की सिक्योरिटी काउंसिल की बैठक के बाद पुतिन ने कहा कि यूक्रेनी सेना विदेशियों को यूक्रेन से बाहर नहीं जाने दे रही है। विदेश के नागरिकों को निकलने में रूस की सेना मदद कर रही है। यूक्रेन लगातार विदेशी नागरिकों को निकालने में देरी कर रहा है। इसके साथ ही पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन डोनेट्स्क और लुहांस्क में बड़ी आबादी के साथ अमानवीय व्यवहार करता रहा है।