पुतिन ने नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइन विस्फोट में यूक्रेन का हाथ होने की खबरों को खारिज किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 15, 2023

मॉस्को।  रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले साल बाल्टिक सागर में नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइनों को क्षतिग्रस्त करने वाले विस्फोटों के पीछे यूक्रेन का हाथ होने की खबरों को मंगलवार को खारिज करते हुए एक बार फिर अमेरिका पर उंगली उठाई। पुतिन ने ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स‘, ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ और जर्मन मीडिया द्वारा पिछले सप्ताह अज्ञात अमेरिकी तथा अन्य अधिकारियों के हवाले से प्रकाशित खबरों पर यह बयान दिया। इन खबरों में दावा किया गया था कि इस बात के सबूत हैं कि यूक्रेन या कम से कम यूक्रेन के लोग विस्फोटों के लिए जिम्मेदार थे। जर्मनी के समाचार पत्र ‘डाई ज़ीट’ और सार्वजनिक प्रसारकों ‘एआरडी’ तथा ‘एसडब्ल्यूआर’ ने दावा किया था कि जांचकर्ताओं का मानना है कि पांच पुरुषों और एक महिला ने हमले को अंजाम देने के लिए पोलैंड में एक यूक्रेनी के स्वामित्व वाली कंपनी द्वारा किराये पर ली गई नौका का इस्तेमाल किया था।

क्रेमलिन ने पिछले सप्ताह कहा था कि पश्चिमी देश असल बात छिपाने के लिए विस्फोट में यूक्रेन का हाथ होने की खबरें चला रहे हैं। नॉर्ड स्ट्रीम-1 और नॉर्ड स्ट्रीम-2 पाइपलाइनों पर सितंबर में हुए विस्फोटों ने उन्हें निष्क्रिय कर दिया था और इससे पाइपलाइनों से रिसाव भी होने लगा था। इन विस्फोटों की अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है। अमेरिकी अधिकारियों ने शुरुआत में रूस के इसके लिए जिम्मेदार होने की बात कही थी। रूस ने अमेरिका और ब्रिटेन को दोषी ठहराया है। इस मामले में डेनमार्क सहित यूरोपीय देशों और जर्मनी द्वारा की जा रही जांच के अभी तक निर्णायक परिणाम सामने नहीं आए हैं।

प्रमुख खबरें

व्यापारियों के 2000 रुपये से अधिक UPI भुगतान पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू

भारत का Merchandise Export अगस्त में 26.12 प्रतिशत बढ़कर 43.81 अरब डॉलर पहुंचा

संजू सैमसन के तेज 57 रन से Team India ने Afghanistan को 7 विकेट से हराया

Gurugram में महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, FIR में हत्या के प्रयास की धारा जुड़ी