By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
फ्रेंच ओपन में उपविजेता रहने के बाद दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू मंगलवार से यहां शुरू होने वाले पांच लाख डॉलर इनामी हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी तो उनकी नजरें अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने पर होंगी। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने जुलाई में जापान ओपन का खिताब जीता था और इसके बाद पेरिस में फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, खिताबी मुकाबले में उन्हें दक्षिण कोरिया की दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग के खिलाफ तीन गेम में हार का सामना करना पड़ा था।
उनका मुकाबला तीसरी वरीयता प्राप्त और मौजूदा विश्व चैंपियन फ्रांस के एलेक्स लेनियर से होगा। किरण जॉर्ज का सामना मलेशिया के चियाम जून वेई से होगा जबकि थारुन मान्नेपल्ली की भिड़ंत फ्रांस के छठी वरीयता प्राप्त टोमा जूनियर पोपोव से होगी। महिला एकल में भारत की अश्मिता चालिहा इस साल कोरिया मास्टर्स का खिताब जीतने और पिछले सप्ताह फ्रेंच ओपन में जापान की तीन बार की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची को हराने के बाद अपनी शानदार फॉर्म जारी रखने के इरादे से उतरेंगी।
पहले दौर में उनका सामना बुल्गारिया की कलोयाना नलबांतोवा से होगा। देविका सिहाग के सामने शीर्ष वरीयता प्राप्त थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग की कड़ी चुनौती होगी जबकि आकर्षी कश्यप यूक्रेन की पोलिना बुहरोवा से भिड़ेंगी। आठवीं वरीयता प्राप्त मालविका बंसोड़ का मुकाबला डेनमार्क की लाइन होजमार्क जार्सफेल्ट से होगा जबकि छठी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा चेक गणराज्य की टेरेजा स्वाबिकोवा के खिलाफ खेलेंगी।
इशारानी बरुआ और अनमोल खरब महिला एकल के क्वालीफाइंग दौर में हिस्सा लेंगी।