By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 20, 2026
भारत की क्विम्सी डिसूजा को रविवार को यहां एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता में दोहरा झटका लगा जब वह महिला एकल में कांस्य पदक से चूक गईं और कुछ ही मिनटों बाद मोहम्मद अनस बेग के साथ मिश्रित युगल में तीसरे स्थान के मुकाबले में भी हार गईं। क्विम्सी ने महिला एकल के कांस्य पदक के मैच में कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में वह स्थानीय खिलाड़ी युइना सकामोटो से 0-2 (11-12 11-12) से हार गईं। इसके बाद मिश्रित युगल मुकाबले में भारतीय जोड़ी को वियतनाम के होआंग मिन्ह टैन गुयेन और जिया न्गिह ट्रिन्ह से 0-2 (9-12 6-12) से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरे गेम में भी वह एक समय 10-8 से आगे थी लेकिन फाउल करके मैच गंवा बैठी। एकल मुकाबले में हार के तुरंत बाद ही क्विम्सी को संभलने का मुश्किल से ही समय मिला, क्योंकि वियतनामी जोड़ी के खिलाफ मिश्रित युगल में कांस्य पदक के मुकाबले के लिए उन्हें अनस के साथ कोर्ट पर वापसी करनी पड़ी। लगातार दो मैच खेलने का असर उन पर साफ दिख रहा था।
दूसरे गेम में 5-9 से पिछड़ने के बाद पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण उन्होंने 10 मिनट का मेडिकल ब्रेक लिया। वह कमर पर पट्टी बांधकर लौटी लेकिन गति को बरकरार नहीं रख सकी, जिसके चलते भारतीय जोड़ी को आखिर में हार का सामना करना पड़ा। क्विम्सी हालांकि अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का इस खेल से परिचय कराने में सफल रही।
टेकबॉल को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। टेकबॉल फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रण है। इस खेल का आविष्कार 2014 में हंगरी में फुटबॉल के शौकीन गैबोर बोरसानी, ग्योरगी गैटियन और विक्टर हुस्ज़ार ने किया था।
पहली आधिकारिक टेकबॉल विश्व चैंपियनशिप 2017 में बुडापेस्ट में आयोजित की गई थी। टेकबॉल में खिलाड़ी हाथों और बाजुओं को छोड़कर अपने शरीर के लगभग हर हिस्से का उपयोग करते हुए एक मानक आकार की फुटबॉल को एक पारदर्शी प्लेक्सीग्लास से विभाजित घुमावदार टेबल पर उछालते हैं।