Rae Bareli मेरी दोनों माताओं की कर्मभूमि, इसलिए यहां चुनाव लड़ने आया हूं : Rahul Gandhi

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 13, 2024

रायबरेली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को रायबरेली के साथ अपने परिवार के रिश्तों को याद करते हुए कहा कि यह उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा उनकी मां सोनिया गांधी की भी कर्मभूमि रही है और इसीलिए वह यहां से चुनाव लड़ने आए हैं। रायबरेली संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार राहुल गांधी यहां के महराजगंज स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि इसीलिए वह कहते हैं कि उनकी दो माएं हैं। राहुल गांधी ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा, मैं आपसे यह बात इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मेरी दोनों माताओं की यह कर्मभूमि है, इसीलिए रायबरेली से चुनाव लड़ने आया हूं। रायबरेली संसदीय क्षेत्र से इंदिरा गांधी 1967 और 1971 में निर्वाचित हुईं लेकिन आपातकाल के बाद 1977 में हुए चुनाव में वह समाजवादी नेता राजनारायण से पराजित हो गयी थीं। 1999 में सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद निर्वाचित हुईं और 2004, 2009, 2014 और 2019 में भी उन्होंने यह सीट बरकरार रखी। सोनिया गांधी के चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाया है। 

इसे भी पढ़ें: मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम Madhya Pradesh में तेज हवाओं के साथ बारिश की भविष्यवाणी की

सभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा प्रहार करते हुए गांधी ने कहा,‘‘ यह चुनाव इस मायने में अजीब है क्योंकि पहली बार भाजपा और आरएसएस के लोग हमारे संविधान को नष्ट करने में लगे हैं। इनके नेताओं ने कहा है कि अगर हम चुनाव जीते तो संविधान को फाड़ देंगे। उन्होंने अपने हाथ में ली हुई एक किताब दिखाते हुए कहा कि हिंदुस्तान के कमजोर लोगों को जो भी उनके हक मिले हैं, वे इस किताब (संविधान की प्रति दिखाते हुए) की वजह से मिले हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, इस किताब के बिना जो सरकार होगी वह अडानी और अंबानी की सरकार होगी। आज जो आपकी थोड़ी भी हिफाजत है, वह खत्म हो जाएगी। 

इसे भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में दोपहर एक बजे तक 40 फीसदी से ज्यादा मतदान

उन्होंने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘नरेन्‍द्र मोदी जिन्हें चाहते हैं वो दो तीन लोग ही सरकार चलाएंगे और जैसे ही संविधान खत्म होगा रोजगार खत्म हो जाएगा। आरक्षण खत्म हो जाएगा और गरीबों के सभी रास्ते बंद हो जाएंगे।’’ गांधी ने मतदाताओं को चेताते हुए कहा लड़ाई संविधान बचाने की है, गरीबों की रक्षा करने की है। उन्होंने आरोप लगाया , नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 साल में 22 अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है। मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने तंज किया आपने अंबानी की शादी, 10 करोड़ की घड़ी देखी। ये मीडिया हमारे आपके नहीं... ये अडानी-अंबानी और मोदी के हैं।

प्रमुख खबरें

Meta ने PM Modi का वीडियो हटाने पर मांगी माफी, ग्लोबल अफेयर्स चीफ Joel Kaplan ने स्वीकारी गलती

Biocon का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 53.36% बढ़कर 136.8 करोड़ रुपये पहुंचा

DK Shivakumar ने साधा निशाना: हिंदू धर्म पर कोई राजनीतिक दल एकाधिकार नहीं जमा सकता

Delhi के LNJP Hospital समेत 3 अस्पतालों की संशोधित लागत मंजूर, जांच के आदेश