आमिर खान से संबंधित विज्ञापन को लेकर हिंदुओं में रोष, भाजपा नेता हेगडे़ का बयान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 21, 2021

बेंगलुरु। अभिनेता आमिर खान द्वारा लोगों को सड़कों पर पटाखे न चलाने की सलाह दिए जाने से संबंधित, टायर कंपनी सीएट लिमिटेड के विज्ञापन पर आपत्ति व्यक्त करते हुए भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने कहा है कि कंपनी को ‘‘नमाज के नाम पर सड़कों को अवरुद्ध किए जाने और अजान के दौरान मस्जिदों से निकलने वाले शोर’’ से संबंधित समस्या का समाधान भी करना चाहिए। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनंत वर्धन गोयनका को लिखे एक पत्र में हेगड़े ने कहा है कि वह ‘‘हिंदुओं में रोष’’ उत्पन्न करने वाले हालिया विज्ञापन का संज्ञान लें।

इसे भी पढ़ें: मोदी सरकार के शासन में 2014 से 2020 के बीच 35,000 भारतीय उद्यमियों ने देश छोड़ा: मित्रा

उत्तर कन्नड़ निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हेगड़े ने पत्र में गोयनका से यह भी कहा है कि वह कंपनी के विज्ञापनों में ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा भी उठाएं क्योंकि ‘‘हमारे देश में मस्जिदों के ऊपर लगे लाउडस्पीकर से अजान के समय बहुत अधिक शोर होता है।’’ उन्होंने कहा, वह ध्वनि अनुमेय सीमा से परे है। शुक्रवार को, इसे कुछ और समय के लिए बढ़ाया जाता है। इससे विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों और आराम करने वाले लोगों, विभिन्न प्रतिष्ठानों में काम करने वाले लोगों और कक्षाओं में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए बड़ी असुविधा पैदा हो रही है। दरअसल, पीड़ितों की यह सूची बहुत लंबी है और यहां केवल कुछ का उल्लेख किया गया है। सांसद ने पत्र में कहा, चूंकि आप आम जनता के सामने आने वाली समस्याओं के प्रति बहुत संवेदनशील हैं और आप भी हिंदू समुदाय से हैं, मुझे यकीन है कि आप सदियों से हिंदुओं के साथ किए गए भेदभाव को महसूस कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि आजकल हिंदू-विरोधी अभिनेताओं का एक समूह हमेशा हिंदू भावनाओं को आहत करता है, जबकि, वे कभी भी अपने समुदाय के गलत कामों को उजागर करने की कोशिश नहीं करते हैं। हेगड़े ने कहा, ‘‘इसलिए, मैं आपसे इस विशेष घटना का संज्ञान लेने का अनुरोध करता हूं, जहां आपकी कंपनी के विज्ञापन ने हिंदुओं में रोष पैदा किया है।’’ उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में गोयनका का संगठन हिंदू भावनाओं का सम्मान करेगा और इसे प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से, किसी भी तरह से आहत नहीं करेगा।

प्रमुख खबरें

IGI Airport पर 9.33 करोड़ रुपये का Hydroponic Ganja जब्त, बैंकॉक से आए दो गिरफ्तार

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने Diplomatic Community के साथ मनाया दिवाली मिलन

Punjab Polls 2027: AAP शनिवार को जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

ISRO ने GSLV रॉकेट से NVS-03 उपग्रह अंतरिक्ष में भेजा, NavIC को मिलेगी मजबूती