By अंकित सिंह | Mar 09, 2022
पंजाब चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। पंजाब में 117 सीटों के लिए 20 फरवरी को चुनाव हुए थे। उत्तर प्रदेश में सातवें चरण के चुनाव संपन्न होने के साथ ही पंजाब को लेकर भी तमाम एग्जिट पोल सामने आए। एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब में आम आदमी पार्टी को बंपर जीत मिलती दिखाई दे रहे हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रभारी राघव चड्ढा ने इसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। राघव चड्ढा ने दावा किया है कि एग्जिट पोल दिखा रहे हैं कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की लहरें नहीं बल्कि सूनामी है। राघव चड्ढा ने अपने बयान में कहा कि पंजाब के लोगों ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी को गले लगाने का मन बना लिया है और भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है। एग्जिट पोल दिखा रहे हैं कि यह आम आदमी पार्टी की लहर नहीं, सूनामी है।
ज्यादातर एग्जिट पोल ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती दिखाई दे रही है। इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में पंजाब में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत का अनुमान जताया गया है। पंजाब में आप को 76 से 90 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि कांग्रेस को 19 से 31 और बीजेपी को 1-4 सीटें मिल सकती हैं। अकाली दल के खाते में 7 से 11 सीटें जाती हुई दिखाई दे रही है। सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार आम आदमी पार्टी को पंजाब में 51 से 61 सीटें, कांग्रेस को 22 से 28 सीटें और अकाली दल को 20 से 26 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही है। जबकि बीजेपी को 7 से 13 सीटें मिलने का अनुमान है। टुडेज चाणक्य ने पंजाब में आप को 100 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। कांग्रेस के खाते में 10 सीटें जा सकती है। बीजेपी को 1 सीट और अकाली दल के खाते में 6 सीटें जा सकती है।