By Kusum | Aug 10, 2024
भारतीय क्रिकट टीम के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने अपने मुश्किल वक्त को लेकर बड़ा खुलासा किया है। द्रविड़ का आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में मिली हार से भी ज्यादा दिल साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज गंवाने से टूटा था। उन्होंने उस सीरीज को अपने कार्यकाल का सबसे मुश्किल दौर करार दिया। बता दें कि भारत साल 2021 में साउथ अफ्रीका दौरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज बढ़त बनाने के बावजूद 1-2 से हार गया था। वह दौरा राहुल द्रविड़ का बतौर हेड कोच पहला विदेशी दौरा था। वहीं विराट कोहली की बतौर कप्तान आखिरी टेस्ट सीरीज थी। भारत ने साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर कभी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है।
द्रविड़ ने आगे कहा कि, आप जानते हैं कि हमने साउथ अफ्रीका में कभी कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। उस सीरीज को जीतना हमारे लिए वाकई बहुत बड़ा मौका था। हमारे कुछ सीनियर खिलाड़ी मौजूद नहीं थे। रोहित शर्मा तब चोटिल होने के कारम नहीं खेल रहे थे। लेकिन हम सीरीज जीतने के बेहद करीब थे। दोनों टेस्ट मैचों की तीसरी पारी में हमारे पास बड़ा मौका था। हम एक अच्छा स्कोर बना सकते थे और मैच जीत सकते थे। हालांकि, साउथ अफ्रीकी टीम ने अच्छा खेला। उन्होंने चौथी पारी में वापसी की। इसलिए मैं कहूंगा कि भारतीय टीम का कोच रहते हुए ये मेरे लिए सबसे मुश्किल समय था।