Rahul Gandhi ने Congress को आगे बढ़ाने के लिए बनाई नई रणनीति, अपने कई करीबियों को पार्टी में दिलाये अहम पद

By नीरज कुमार दुबे | Feb 15, 2025

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी को निराशा से उबारने की नई रणनीति बनाई है और उसे आगे बढ़ाने के लिए अपने करीबियों को पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलवाये हैं। कांग्रेस की ओर से संगठन में जो फेरबदल किया गया है वह साफ दर्शा रहा है कि भले पार्टी अध्यक्ष पद पर मल्लिकार्जुन खरगे हों लेकिन चलती सिर्फ राहुल गांधी की ही है। हम आपको बता दें कि कांग्रेस ने एक के बाद एक कई विधानसभा चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए दो नए महासचिव और नौ प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन को महासचिव तथा रजनी पाटिल, बीके हरिप्रसाद और मीनाक्षी नटराजन समेत नौ नेताओं को विभिन्न प्रदेशों का प्रभारी नियुक्त किया है।

इसे भी पढ़ें: क्या अब विपक्षी एकता कायम रहेगी?

इसके अलावा, बिहार में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं इसलिए कांग्रेस उत्तर भारत के इस महत्वपूर्ण राज्य में अपनी वापसी के लिए नये सिरे से प्रयास करना चाहती है। पार्टी ने कर्नाटक के युवा नेता कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभारी बनाया है। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले कृष्णा अल्लावरू अब तक भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। राहुल गांधी ने अपने करीबी को राज्य में पार्टी मामलों का प्रभारी बनाकर साफ संकेत दिये हैं कि लालू-तेजस्वी के साथ सीटों के बंटवारे पर अब उनकी ओर से बातचीत कृष्णा अल्लावरू ही करेंगे।

इसके अलावा नवनियुक्त महासचिव भूपेश बघेल को पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। आम आदमी पार्टी की दिल्ली विधानसभा चुनावों में हार के बाद से माना जा रहा है कि यह पार्टी पंजाब में भी कमजोर होगी। राज्य में 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं इसलिए भूपेश बघेल को वहां पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इसके अलावा नासिर हुसैन को जम्मू-कश्मीर का प्रभार सौंपा गया है। हुसैन को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है और उन्हें पूरी तरह जम्मू-कश्मीर पर ध्यान देने को कहा गया है क्योंकि हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा था।

इसके अलावा, कांग्रेस ने रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़, हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश, गिरीश चोडानकर को तमिलनाडु एवं पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, लोकसभा सदस्य सप्तगिरि उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड तथा कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभारी बनाया है। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी के अन्य सभी महासचिव और प्रदेश प्रभारी सेवा देते रहेंगे। हम आपको बता दें कि इस बदलाव के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों की कुल संख्या 12 से बढ़कर 13 हो गई है।

प्रमुख खबरें

प्रमोद तिवारी का Himanta Sarma पर पलटवार, BJP को Israel में बनानी चाहिए सरकार

Women Health: क्या प्रेग्नेंसी वाला Sugar, Delivery के बाद भी बना रहता है? जानें पूरा सच

Ram Navami पर PM Modi का राष्ट्र के नाम संदेश, प्रभु राम के आशीर्वाद से पूरा होगा Viksit Bharat का संकल्प

Donald Trump का सनसनीखेज दावा, Iran ने दिया था Supreme Leader बनने का Offer!