कांग्रेस का भविष्य अधर में, राहुल अध्यक्ष पद लेने को तैयार नहीं ! प्रियंका की तरफ जा रहा सभी का ध्यान मगर...

By अनुराग गुप्ता | Aug 20, 2022

नयी दिल्ली। क्या कांग्रेस को अगला अध्यक्ष मिलेगा भी या इसी तरह पार्टी सोनिया गांधी के नेतृत्व में आगे बढ़ती रहेगी ? साल 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस को अभी तक फुल टाइम अध्यक्ष नहीं मिल पाया है और भविष्य में पार्टी को अध्यक्ष मिलने की संभावना भी काफी कम दिखाई दे रही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अध्यक्ष का पद लेने के लिए तैयार नहीं हैं।

कांग्रेस की अंतिरम अध्यक्षा सोनिया गांधी की तबियत खराब है। ऐसे में वो अध्यक्ष पद नहीं लेना चाहती हैं और राहुल गांधी भी अध्यक्ष बनने के लिए राजी नहीं है। इसी उहापोह की स्थिति में कांग्रेस अन्य चेहरों की तलाश में जुटी हुई है। कहा जा रहा है कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मनाया जा रहा है लेकिन क्या वो इस पद को स्वीकार करेंगी ? यह सवाल अपने आप में काफी अहम है।

आपको बता दें कि कांग्रेस ने प्रियंका गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ा था। इस दौरान प्रियंका गांधी ने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' अभियान की भी शुरुआत की और महिला सशक्तिकरण की बात कही लेकिन चुनाव परिणाम में कांग्रेस को सिर्फ निराशा ही हाथ लगी थी। इस चुनाव में कांग्रेस को महज 2 सीट से संतोष करना पड़ा था।

राहुल गांधी ने दिया था इस्तीफा

राहुल गांधी ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को मनाने की लाख कोशिशें की लेकिन वो अपनी बात पर अड़े रहे और तो और राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में यह भी स्पष्ट किया था कि प्रियंका गांधी वाड्रा के बारे में पार्टी नेता सोचे भी नहीं।

कई दिनों तक चली बैठकों के बाद कांग्रेस कार्यसमिति ने अंतत: सोनिया गांधी के नेतृत्व में आगे बढ़ने का निर्णय लिया और तब से पार्टी को अभी तक कोई भी फुल टाइम अध्यक्ष नहीं मिल पाया है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के अधिकांश कार्यकर्ता और नेता गांधी परिवार के नेतृत्व में ही आगे बढ़ना चाहते हैं, ऐसे में प्रियंका गांधी वाड्रा की तरफ सभी का ध्यान गया है।

इसे भी पढ़ें: 'कांग्रेस के शासन में खत्म हुआ था विशेष राज्य का दर्जा', हिमाचल में गरजे जेपी नड्डा, बोले- किसी ने नहीं उठाई आवाज 

कांग्रेस नेता भक्त चरण दास ने एनडीटीवी के साथ बातचीत में बताया कि हां, उन्होंने (राहुल गांधी) कहा कि उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है, लेकिन हम इस पर काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि पांच राज्यों में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अपने पद से इस्तीफा देने की कोशिश की लेकिन पार्टी नेताओं ने उन्हें संगठनात्मक चुनाव होने तक पद पर बने रहने के लिए मना लिया था।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला