कांग्रेस के शासन में खत्म हुआ था विशेष राज्य का दर्जा, हिमाचल में गरजे जेपी नड्डा, बोले- किसी ने नहीं उठाई आवाज

JP Nadda
Twitter

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हिमाचल प्रदेश से विशेष राज्य का दर्जा खत्म हो गया था। किसी ने इस पर आवाज नहीं उठाई, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इसकी आवाज उठाई। 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल का विशेष राज्य का दर्जा बहाल किया।

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम करना शुरू कर दिया है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पांवटा साहिब में एक जनसभा को संबोधित किया।

इसे भी पढ़ें: कहीं बाढ़ तो कहीं फटा बादल, कुछ ने गवांई जिंदगी तो कुछ हुए बेघर... मानसूनी बारिश ने लोगों का जीवन किया अस्त-व्यस्त 

उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब एक ऐतिहासिक नगरी है। यहां गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने जीवन के साढ़े 4 साल बिताए, उनके बड़े साहिबजादे का जन्म भी यहीं हुआ था, यहां से उन्होंने एक लड़ाई भी लड़ी। जहां उन्होंने इतना समय बिताया ऐसे पवित्र स्थान को नमन करता हूं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विकास की बातें हिम्मत के साथ लोगों के सामने करने की ताकत सिर्फ भाजपा में ही है। कांग्रेस के नेता कभी भी छाती ठोंककर ये नहीं कह सकता कि उन्होंने जनता के लिए काम किए हैं। जो जमीन पर रहकर लोगों की सेवा करता है, वही विकास की बातें कर सकता है।

उन्होंने कहा कि आज जब हम अमृत काल में प्रवेश कर रहे हैं, तो यहां मैं देख रहा हूं कि यहां उपस्थित अधिकतर लोगों की औसत आयु 50 वर्ष है, इसका अर्थ है कि हममे से अधिकांश लोगों को 2047 भी देखना है। इसलिए हमें हाथ पर हाथ धर कर नहीं बैठना है। हमें विकसित भारत और विकसित हिमाचल बनाना है। हमें आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर हिमाचल बनाना है।

इसे भी पढ़ें: हिमाचल में बारिश से तबाही, चंबा में भूस्खलन के बाद मकान ढहने से 3 लोगों की मौत 

पंच प्रण के साथ बढ़ना है आगे

इसी बीच जेपी नड्डा ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र के द्वारा लाल किले में दिए गए भाषण का उल्लेख किया और 5 प्रण को दोहराया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी जी ने 5 प्रण की बातें कही हैं। ये पंच प्रण हैं- विकसित भारत, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता और कर्तव्य की भावना। हमें इन पंच प्रण के साथ आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि आज भारत बदल गया है। जितना काम किसानों के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने किया है, इतना काम किसी भी सरकार ने नहीं किया है। मोदी सरकार में कृषि बजट 4 गुना बढ़ा है। 2014 में ये मात्र 33 हजार करोड़ रुपए सालाना था, वहीं आज ये बढ़कर 1 लाख 33 हजार करोड़ रुपए हो गया है।

जेपी नड्डा ने कहा कि पहले हमारा देश डिफेंस का सामान आयात करता था, जबकि अब हम निर्यात कर रहे हैं। अब देश का निर्यात 6 गुना बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि हमें ये पहचानने की जरूरत है कि सही लोगों के कुर्सी पर आने से क्या फर्क पड़ता है। हिमाचल प्रदेश में सही लोगों को कुर्सी मिलती है, तो प्रदेश टीकाकरण में नंबर एक बनता है। आज हिमाचल में सड़कें बनी हैं, घर-घर में पानी पहुंचा है।

कांग्रेस पर बरसे जेपी नड्डा

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हिमाचल प्रदेश से विशेष राज्य का दर्जा खत्म हो गया था। किसी ने इस पर आवाज नहीं उठाई, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इसकी आवाज उठाई। 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल का विशेष राज्य का दर्जा बहाल किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने हिमाचल को 10 वर्ष के लिए इंडस्ट्रियल पैकेज दिया था। लेकिन मनमोहन सिंह ने आते ही 7 साल बाद वह पैकेज खत्म कर दिया था।

इसे भी पढ़ें: हिमाचल चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, विधायक पवन काजल और लखविंदर सिंह राणा भाजपा में हुए शामिल 

उन्होंने कहा कि अटल जी ने 2002 में रोहतांग टनल का शिलान्यास किया था। 2004 में हमारी सरकार चली गई। फिर 2004 से 2014 तक वो 10 किमी में से मात्र 1,300 मीटर ही बन पाया। अटल जी के सपनें को साकार करते हुए मोदी जी ने मात्र 6 साल में ही अटल टनल को पूरा किया। आज वह टनल हमारे डिफेंस क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा रास्ता बन चुकी है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़