Rahul Gandhi के Prayagraj कार्यक्रम की KP Ground अनुमति रद्द, Ajay Rai बोले- संवाद निश्चित

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 06, 2026

प्रयागराज, आठ अगस्त प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आठ अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘‘छात्रों की गूंज’’ के लिए अनुमति केपी ट्रस्ट द्वारा रद्द किए जाने के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष आठ अगस्त को प्रयागराज आएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे। प्रयागराज में देर शाम राय ने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह शहीदों और प्रतियोगी छात्रों की धरती है और यहां शुरू से प्रतियोगी छात्र अपना भविष्य तलाशते रहे हैं। राहुल जी आठ अगस्त को यहां आएंगे और बच्चों से संवाद करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा सरकार और प्रशासन से आग्रह है कि हमें वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराए क्योंकि हम चाहते हैं कि हमारे नेता राहुल गांधी बच्चों से संवाद करें।

जिस तरह से राजस्थान के कोटा का कार्यक्रम रद्द कराया गया, देहरादून का कार्यक्रम रद्द कराया गया, उसी तरह यहां का कार्यक्रम रद्द कराया गया।’’ उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर राहुल गांधी यहां आएंगे और छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे। इससे पूर्व, केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था, “केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त, 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के ग्राउंड को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।” उन्होंने कहा कि इसके अलावा, केपी ग्राउंड में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है। साथ ही कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करे लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं आई है।

चौधरी ने कहा कि इन कारणों से कांग्रेस को आगामी आठ अगस्त को कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति रद्द की गई है। उल्लेखनीय है कि पेपर लीक और छात्रों के अन्य मुद्दों पर संवाद करने के लिए कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आठ अगस्त को केपी ग्राउंड में ‘‘छात्रों की गूंज’’ शीर्षक से एक संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय बुधवार को प्रयागराज आए और कार्यक्रम के सफल होने की कामना के साथ लेटे हनुमान जी का दर्शन किया।

प्रमुख खबरें

Meta ने PM Modi का वीडियो हटाने पर मांगी माफी, ग्लोबल अफेयर्स चीफ Joel Kaplan ने स्वीकारी गलती

Biocon का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 53.36% बढ़कर 136.8 करोड़ रुपये पहुंचा

DK Shivakumar ने साधा निशाना: हिंदू धर्म पर कोई राजनीतिक दल एकाधिकार नहीं जमा सकता

Delhi के LNJP Hospital समेत 3 अस्पतालों की संशोधित लागत मंजूर, जांच के आदेश