Delhi में Jantar Mantar जा रहे Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi समेत 100 हिरासत में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 07, 2026

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा समेत 100 लोगों को बुधवार को तब हिरासत में ले लिया जब वे धरना देने के लिए जंतर मंतर की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेकर बाराखंभा थाने ले जाया गया, जबकि प्रियंका गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया।

सुरक्षाकर्मियों ने पहले राहुल गांधी को हटाया और कंधों पर उठाकर पुलिस बस में बैठा दिया। जब पुलिस ने वाहन को आगे बढ़ाने की कोशिश की, तो अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और उदय भानु चिब सहित कांग्रेस के कई नेता विपक्ष के नेता को ले जा रही बस के ऊपर चढ़ गए, जबकि मुमताज पटेल उसके बोनट पर बैठ गईं। इसके बाद महिला पुलिस कर्मियों की एक बड़ी टुकड़ी ने प्रियंका गांधी और अन्य महिला प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और बसों में बैठाया।

प्रियंका गांधी ने कहा, जो सांसद निर्वाचन आयुक्तों से मिलने की मांग कर रहे हैं, उनके साथ वे ऐसा व्यवहार कर रहे हैं। वे हमारे साथ ऐसा व्यवहार कर रहे हैं। वे संसद सदस्यों को पीट रहे हैं।

इस बीच, राहुल गांधी को ले जा रही पुलिस बस का अग्रसेन की बावली के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टायर पंक्चर कर दिया। पार्टी के अनुसार, इसके बाद गांधी को दूसरी पुलिस बस में स्थानांतरित किया गया और बाराखंभा थाने ले जाया गया। हालांकि देर शाम गांधी को थाने से छोड़ दिया गया।

इससे एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके समर्थकों को जबरन आकाशवाणी भवन में परिसर में आठ घंटे तक धरना देने के बाद हिरासत में लिया था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने के आरोप में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी इस शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है कि दोनों कांग्रेस नेता, उनके समर्थक और उनके साथ आए अन्य सांसद बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में घुसे थे।

अधिकारियों ने बताया कि आकाशवाणी भवन के दो सुरक्षा गार्डों की एमएलसी भी कराई गई, जिन्हें कथित तौर पर तब चोटें आईं जब कांग्रेस सांसदों और उनके समर्थकों ने जबरन परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। धरना प्रदर्शन के दौरान कुछ दीवारों के कथित तौर पर क्षतिग्रस्त होने के बाद पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर के हिस्सों की तस्वीरें भी लीं। प्राथमिकी में दर्ज सटीक आरोपों का खुलासा नहीं किया गया है।

प्राथमिकी के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा, मेरे खिलाफ 45 प्राथमिकी दर्ज हैं। मेरा लक्ष्य है कि मेरे खिलाफ 100 प्राथमिकी होनी चाहिए। मेरे खिलाफ हर प्राथमिकी मेरे लिए एक पदक की तरह है।

प्रमुख खबरें

Delhi High Court ने गलत तथ्य देने पर CBI के पांच अधिकारियों पर झूठी गवाही की कार्यवाही का दिया निर्देश

श्रीलंका में Shiranthi Rajapaksa भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार, 13 अक्टूबर तक हिरासत में भेजी गईं

Bharti Airtel ने Postpaid Plans के दाम 50 रुपये तक बढ़ाए, 5G और कई नए फायदे जोड़े

Election Commission के खिलाफ मार्च निकाल रहे Rahul Gandhi हिरासत में लिए गए