Rahul Gandhi ने DISHA बैठक में दिखाईं क्षतिग्रस्त सड़कों की तस्वीरें

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 09, 2026

रायबरेली (उप्र), नौ सितंबर लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में क्षेत्र की खराब सड़कों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों से जवाब मांगा। दिशा की बैठक के नामित सदस्य उमेश बहादुर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बताया कि बैठक में राहुल एक अलग अंदाज में नजर आये और उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनवायी गयी सड़कों में गड्ढे होने की तस्वीरें दिखायीं। सिंह ने बताया कि ऐसी सड़कों के नाम गिनाते हुए राहुल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि आखिर इन सड़कों पर गड्ढे क्यों हैं और इन्हें ठीक करने के लिए वे क्या कर रहे हैं।

बैठक में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने संवाददाताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ रायबरेली को प्राप्त हो रहा है। बैठक में प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल हुए।

इससे पहले, अपने रायरबेली दौरे के दूसरे और अंतिम दिन बुधवार को राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कई संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। इस दौरान अमेठी और सुलतानपुर के भी काफी संख्या में लोग राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुनील सिंह भदौरिया ने बताया कि रायबरेली, अमेठी और सुलतानपुर जनपद के लोगों ने सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की।

उन्होंने बताया कि इस दौरान राहुल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। भदौरिया ने बताया कि राहुल गांधी ने अपने इस दौरे पर करीब तीन करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। दिशा की बैठक से पहले, रायबरेली कचहरी के बाहर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी सपा विधायकों ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत स्थानीय मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है। सपा के विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भाटी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके हाथों में तख्तियां और पोस्टर थे, जिनमें उन मुद्दों का जिक्र था जिन्हें वे बैठक में उठाना चाहते थे।

विधायकों के लिये गये पोस्टरों में स्कूल बंद होने, भू-माफिया द्वारा कथित कब्जे, झूठे मामलों, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और खराब बुनियादी सुविधाओं का जिक्र था। बैठक से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए लोधी ने आरोप लगाया कि जिले में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और भाजपा सरकार पर बच्चों का भविष्य खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया, मेरे निर्वाचन क्षेत्र हरचंदपुर में ज्यादातर स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

जिले में जमीन पर कब्जा किया जा रहा है लेकिन आवाज उठाने वाला कोई नहीं है। हर व्यक्ति और समाज का हर वर्ग परेशान है। लोधी ने कहा कि सपा विधायक दिशा बैठक में ये मुद्दे उठाएंगे और स्थानीय समस्याओं पर कथित निष्क्रियता को लेकर जिला पंचायत नेतृत्व से सवाल करेंगे।

प्रमुख खबरें

Kolkata में बड़ी कार्रवाई: Fire Safety की अनदेखी पर 919 होटल-गेस्ट हाउस सील

Colombo में Rajnath Singh का बड़ा बयान, भारत-श्रीलंका के बंदरगाह बनेंगे Shared Economic Growth के इंजन

Jio Payment Solutions ने शुरू किया cross border पेमेंट प्लेटफॉर्म

AYUSH Ecosystem को मजबूत करने की तैयारी: Hyderabad में Prataprao Jadhav ने दिया Quality Health का मंत्र