Rahul Gandhi आज वायनाड से शुरु करेंगे चुनावी अभियान, नॉमिनेशन भी करेंगे फाइल

By रितिका कमठान | Apr 03, 2024

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल के वायनाड के कलपेट्टा से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। राहुल गांधी इस दौरान ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन दाखिल करने के लिए वो बुधवार को यहां पहुंचे है। 

कांग्रेस ने बताया कि वह पूर्वाह्न 11 बजे कलपेट्टा से एक रोड शो शुरू करेंगे जिसमें उनके साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव के सी वेणुगोपाल एवं दीपा दास, एआईसीसी की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रभारी कन्हैया कुमार, राज्य विधानसभा में विपक्ष के वी डी सतीशन एवं केपीसीसी (केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के कार्यकारी अध्यक्ष एम एम हसन भी शामिल होंगे।

गौरतलब है कि पार्टी ने आज से ही नया अभियान भी शुरु किया है, जिसमें पार्टी की पांच न्याय पचीस गारंटी को देश के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए घर घर गारंटी अभियान शुरु किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। इस अभियान के चलते पार्टी आठ करोड़ से अधिक घरों में गारंटी कार्ड पहुंचाने में जुटेगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार रोड शो में हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी ने कहा कि रोड शो दोपहर को यहां सिविल स्टेशन के पास समाप्त होगा जिसके बाद राहुल अपना नामांकन पत्र जिलाधिकारी को सौंपेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में कुल 10,92,197 मतों में से 7,06,367 मत हासिल किए थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पी पी सुनीर को केवल 2,74,597 वोट मिले थे। केरल में इस साल लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा।

प्रमुख खबरें

Noida Metro में बना नया कीर्तिमान, 23 अक्टूबर को 1.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

MP CM Mohan Yadav ने Dhar में 2,388 करोड़ रुपये की Irrigation Project शुरू की

ED ने Mumbai Airport से वकील को पकड़ा, 28000 करोड़ के साइबर फ्रॉड में कार्रवाई

France में महंगाई और शिक्षा के मुद्दे पर बड़ा मार्च, पेरिस में पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले