राहुल का आरोप, गैर भाजपा शासित राज्यों से सौतेला व्यवहार कर रही मोदी सरकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 10, 2019

तिरुवम्बाड़ी/मुक्कम (केरल)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि भगवा पार्टी ‘नफरत और गुस्से’ में अंधी हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी की शनिवार की एक टिप्पणी पर संदेह जताते हुए यह आरोप लगाया। दरअसल, प्रधानमंत्री ने कहा था कि उनकी वाराणसी लोकसभा सीट के समान ही केरल भी उन्हें प्यारा है। हालिया लोकसभा चुनाव में वायनाड से निर्वाचित होने के बाद लोगों को धन्यवाद देने के लिए अपनी तीन दिवसीय यात्रा संपन्न करते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा आरएसएस की विचारधारा का पालन नहीं करने वालों को गैर-भारतीय के रूप में देखती है और उन्होंने इस कथित पूर्वाग्रह के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया। वायनाड, मलप्पुरम और कोझीकोड जिलों में फैले अपने निर्वाचन क्षेत्र में राहुल ने 10 से अधिक रोड शो किये। वह आज दोपहर कोझीकोड हवाईअड्डा से दिल्ली रवाना हो गए। वह वायनाड से जीतने के बाद पहली बार यहां आए थे। बाद में, राहुल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैंने पिछले कुछ दिन केरल में वायनाड की यात्रा करते हुए बिताए ,जिसका मैं बतौर सांसद प्रतिनिधित्व करता हूं। मैं वायनाड के लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जो मेरा अभिवादन करने के लिए बड़ी संख्या में उमड़ पड़े। मैं आपकी जितनी भी समस्याओं का हल कर सकता हूं, उसके लिए मैं आपके साथ काम करने की अपनी प्रतिबद्धता का भरोसा दिलाता हूं।’’

इसे भी पढ़ें: हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा का लक्ष्य ‘मिशन 75’: खट्टर

राहुल ने शनिवार को वायनाड लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कलपेटा के माकपा विधायक से हुई अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि वैचारिक मतभेद (कांग्रेस और वाम दल के बीच) हो सकते हैं, लेकिन अपने मतभेदों को किनारे रखते हुए दोनों ही वायनाड के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा,‘‘हमारे वैचारिक मतभेद हो सकते हैं...लेकिन वायनाड के भविष्य के लिए हम कई चीजों पर सहमत हैं। उन चीजों पर मैं सहयोग करना चाहूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुख की बात तो यह है कि मैं इस तरह के सहयोग की हमारे प्रधानमंत्री से या भाजपा से उम्मीद नहीं कर सकता। क्योंकि वे गुस्से में अंधे हैं। क्योंकि या तो आप आरएसएस की विचारधारा का पालन करिए या फिर आप भारतीय नहीं हैं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने इस कथित पूर्वाग्रह से लड़ने का संकल्प लेते हुए कहा, ‘‘मैं आपसे वादा करता हूं हम नागपुर(संघ मुख्यालय) से शासित नहीं होंगे।’’ उन्होंने मुक्कम में कहा कि कोई भी देश अपने लोगों को बांट कर मजबूत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी भारत के लोगों को बांट रहे हैं। उनका विचार मुख्य रूप से बांटने वाला है। आज के भारत में लोग गुस्से में हैं। यह विभाजन देश के लिए एक भारी मुसीबत बनने जा रहा है।’’

प्रमुख खबरें

PoK में रोकी गयी खाना-पानी, ईंधन और दवाओं की सप्लाई! पाकिस्तान की इस गंदी चाल के पीछे की वजह हैरान करने वाली!!

Ketan Agarwal Murder Case | शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी सिया गोयल, मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के पीछे सामने आया नया मकसद

Rajdhani Express में वेज बिरयानी में मिली मक्खी: IRCTC ने कैटरिंग फर्म पर लगाया ₹1 लाख का जुर्माना, लाइसेंस रद्द करने का नोटिस

IRFC में सरकार के Offer For Sale से मचा हड़कंप, Infosys की AI डील ने निवेशकों को बनाया मालामाल।